पंचकूला: पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज की अगुवाई में पंचकूला पुलिस ने अवैध हथियार रखने और फायरिंग करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस को दी शिकायत में प्यारेलाल पुत्र इंदर राम उम्र 47 साल ने बताया था कि वह गांव भोगपुर पिंजौर जिला पंचकूला का रहने वाला है। उसके साथी नाजिर उर्फ बिल्लु का चौधरी प्रोपर्टी डीलर के नाम से भोगपुर मल्लाह रोड पर दफ्तर है। 22 अप्रैल को 10 बजे दोनो दफ्तर में खान-पान कर रहे थे, तभी महताब सिंह पुत्र यशपाल सिंह काली बाइक पर आया और बहस करने लगा।
इस दौरान दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि उसने देसी कट्टा निकाल कर नाजिर की कनपटी पर लगा दिया। जिस पर नाजिर ने कट्टा को पकड़कर महताब से छीन लिया और दोनों आपस में धक्का मुक्की हो गई। इस बीच प्यारेलाल ने दोनों को शांत किया। जिसके बाद महताब घर चला गया, लेकिन थोडी देर बाद वह लाइसेंसी दोनाली लेकर आया और दफ्तर के बाहर उसने 2 से 3 फायर किए। जिसके बाद वह जान से मारने की धमकी देकर चला गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की गई।
इस मामले में थाना पिंजौर मे तैनात जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर प्रीतम ने आरोपी महताब को गुप्त सूचना के आधार पर 23 अप्रैल को काबू करके हथियार बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी दोनाली, 2 खाली रौंद व एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना पिंजौर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(A), 27(2) व भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 व 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके 2 दिन के पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है।