बिलासपुरः छत्तीसगढ़ में रतनपुर थाना क्षेत्र में एक नौजवान की अधजली लाश बरामद हुई। वहीं इस घटना को लेकर इलाका निवासियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि युवक के कमर से कंधे तक का हिस्सा जला हुआ है। शव को साड़ी से ढका गया था। मृतक के चेहरे और सिर में पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या के बाद पहचान छिपाने शव जलाने की आशंका है।
घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार शाम को रतनपुर के छांदीपारा इलाके में पहाड़ी के नीचे से स्थानीय लोग गुजर रहे थे तभी उनकी नजर लाश पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान युवक की पहचान सूरज खैरवार (30) के रूप में हुई है। टीआई नरेश चौहान ने बताया कि युवक काम की तलाश में घर से निकला था, जिसके बाद परिजनों को उसके जली हुई लाश मिलने की खबर आ गई। परिजन सहित अन्य लोगों से पूछताछ जारी है।
युवक घूम-घूमकर रोजी-मजदूरी करता था। मृतक के चेहरे, सिर पर चोट के निशान मिले है, ऐसे में पुलिस को आशंका है कि किसी दूसरी जगह युवक की हत्या की गई है, जिसके बाद शव को पहाड़ी के नीचे लाकर फेंका गया है। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट और डाग स्क्वायड को भी बुलाया। पुलिस की टीम युवक के परिजन और गांव के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि युवक को आखिरी बार किसके साथ देखा गया है।
