पचंकूला: हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष आज सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रथम भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जिलास्तरीय गली क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर विजेता टीम को समानित किया।
इस समारोह में उन्होंने मुख्यअतिथि के तौर पर शिरकत की। राज्यपाल प्रोफेसर ने पुरस्कार वितरण समारोह में सेक्टर-1 की विजेता टीम को अटल ट्रॉफी और 1 लाख रुपये का नकद राशि इनाम के तौर पर देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी पत्नी मित्रा घोष भी मौजूद रही।
हरियाणा के राज्यपाल ने इस मौके पर स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी पंचकूला को 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता की थीम छक्का लगाओ नशा भगाओ बहुत ही प्रेरणादायक है। इससे युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा मिलती है।
इसके साथ ही लग्न और मेहनत से खेल खेलकर मैडल जीतकर देश का नाम रोशन करने की भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने खेलों में विश्वस्तर पर मैडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से पूरे प्रदेश में खेल करवाई जानी चाहिए ताकि गली और गांव में छुपी हुई प्रतिभा को निखरने का प्लेटफॉर्म मिल पाए। उन्होंने स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी पंचकूला की प्रशंसा भी की और कहा कि ऐसे टूर्नामेंट करवाकर यह सोसायटी जिले के ग्रामीण परिवेश के खिलाड़ियों को तराशने के काम कर रही है।
इससे पहले प्रोफेसर घोष ने सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय लिया। उन्होंने खुद भी क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। राज्यपाल ने उपविजेता टीम को अश्विनी गुप्ता ट्रॉफी और 51,000 रुपये की राशि इनाम के तौर पर दी।
इस मौके पर घोष ने जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में साथ देने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी पंचकूला, सतलुज पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल, गेस्ट ऑफ ऑनर रोहित सिंगला और युवराज कोशिक को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
सतलुज राजकीय माडल संस्कृति स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम को प्रस्तुत करने के लिए उन्होंने बच्चों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि मुझे दोबारा इस तरह के टूर्नामेंट में आने का मौका मिलेगा तो मैं युवा खिलाड़ियों के बीच आकर खुद को भाग्यशाली समझूंगा।
इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी के चेयरमैन ज्ञानचंद गुप्ता भी उपस्थित रहे।