जालंधर, ENS: बस में सफर करने वाले यात्रियों को आज से 3 दिन तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, राज्य में 3 दिन तक पनबस और पीआरटीसी बस कर्मियों की हड़ताल रहेंगी, जिसके चलते 3 दिन सरकारी बसे नहीं चलेगी। कुछ दिन पहले ही पीआरटीसी और पनबस कर्मचारी यूनियन द्वारा की गई मीटिंग के बाद एक बार फिर से मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया गया था।
जिसमें उन्होंने 3 दिन बसों के चक्का जाम करने का ऐलान किया था। ऐसे में कहा जा रहा है कि 7 जनवरी यानी कल पीआरटीसी और पनबस कर्मचारी यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन करेंगे। गौर हो कि अपनी मांगों को लेकर पिछले महीने पनबस और पीआरटीसी ठेका कर्मचारी यूनियन ने पंजाब भर के मंत्रियों को ज्ञापन सौंपकर ठेका कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया था।
इस दौरान उन्होंने जालंधर में कैबिनेट मंत्री मोहिदंर भगत को भी मांग पत्र सौंपा था, लेकिन मांगो को लेकर हल ना निकलने के चलते यूनियन ने 3 दिन बसों के चक्का जाम करने का ऐलान किया है। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के आवास पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रधान बिक्रमजीत सिंह, सतपाल सिंह सत्ता, जसबीर सिंह, वरिष्ठ नेता चानन सिंह चन्ना समेत अन्य लोग कर रहे थे।
यूनियन पदाधिकारियों ने महेंद्र भगत को ज्ञापन सौंपकर यूनियन की मांगों से अवगत कराया। मंत्री व विधायकों को ज्ञापन सौंपने के बाद यूनियन ने स्थानीय बस स्टैंड पर भी संबोधित किया। बिक्रमजीत सिंह ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने में हो रही देरी के चलते यूनियन को संघर्ष का बिगुल फूंकने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
