ऊना/ सुशील पंडित : किसी को क्या पता था कि वह लड़की जिस आटे का प्रसाद खा रही थी वह जानलेवा सिद्ध होगा। आटे से बने प्रसाद ने शरीर में ऐसा क्या कर दिया जिससे लड़की की मौत हो गई। ऐसा ही एक मामला मैहतपुर पुलिस थाने में रिपोर्ट हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना के वार्ड नंबर पांच निवासी विरेंदर सेठी पुत्र सुभाष चन्द ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने 20 नवंबर, 2023 को पुल वाला बाजार में दुकान करने वाले विवेक कुमार पुत्र मनोहर चन्द सेठी से चरी का आटा खरीदा था।
उस आटे से उन्होंने प्रसाद बनाया और वही प्रसाद जब उनकी बेटी ने खाया तो उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है कि आटे में ही कुछ ऐसा मिला था जो जहर की तरह असर कर गया। पुलिस ने फिलहाल दुकानदार के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 304-ए और 284 के अधीन मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।