ऊना-सुशील पंडित: ऊना में अफीम के पौधों की खेती अब आम बात हो चली है। अलग अलग जगहों पर अफीम पौधे खेतों में लहलहा रहे हैं। पहले अंबोटा, चुरड़ी और दुलैहड़ के बाद अब गगरेट के कलोह और पांबड़ा गांव के दो लोगों के खेतों में अफीम के पौधे पाए गए हैं। पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अफीम के 69 पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए हैं।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पहला मामला कलोह गांव के अवतार सिंह पुत्र संता सिंह से जुड़ा है। अवतार सिंह ने अपने घर के नजदीक एक खेत में अफीम के पौधे लगा रखे थे। यहां पुलिस को कुल 12 पौधे बरामद हुए हैं। जबकि पांबड़ा गांव के निर्मल सिंह पुत्र महिंद्र सिंह के खेत में अफीम के 57 पौधे पाए गए हैं।
पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर जांच के लिए भेज दिया है। इन दोनों मामलों में अवतार और निर्मल के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
