मुख्य सड़क में बने स्पीड ब्रेकर भी वाहन चालकों और मरीजों के लिए बने सरदर्द
ऊना/सुशील पंडित : ऊना अंब सड़क पर बडूही से भैरा तक बनाए जा रहे फुटपाथों को लेकर स्थानीय कारोबारियों में रोष उत्पन्न हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी दुकानों के आगे सड़क से तकरीबन एक फीट ऊंचा फुटपाथ बनने के कारण उनका व्यवसाय चौपट हो सकता है। स्थानीय लोगों ने फुटपाथ बनाने में इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि उक्त ठेकेदार द्वारा फुटपाथ में निम्न स्तर की निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है।
इस बारे जब एनएचए प्रशासन/संबंधित विभाग से बात की गई तो उनका कहना है कि उनकी इस पर पूरी नजर है। परंतु इन फुटपाथों की हालत देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग ये चाहता ही नहीं की भारत में अच्छी सड़क व्यवस्था हो। दूसरी तरफ इन फुटपाथों के बनने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी श्याम सुंदर का कहना है की इन फुटपाथों के बनने की वजह से यातायात को सुचारू रूप से चलाने में पहले से ज्यादा कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जहां इन फुटपाथों का निर्माण हुआ है वहीं इनके बनने से सड़कों की चौड़ाई कम हो गई। वहीं दयाडा चौंक के दुकानदार दलजीत सिंह का कहना हैं कि हम फुटपाथ निर्माण का विरोध नहीं कर रहे बल्कि विरोध इस बात को लेकर किया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा दुकानों के आगे जिस तरह फुटपाथ का निर्माण किया जा रहा है उससे उनका कारोबार खत्म हो जाएगा। क्योंकि फुटपाथ सड़क से ऊंचा होने की वजह से कोई भी गाड़ी चालक सड़क के बीच गाड़ी खड़ी करने का जोखिम नहीं लेगा और कोई भी गाड़ी न खड़ी होने के कारण हमारा व्यापार खतरे में पड़ गया है।
स्थानीय दुकानदार नीलम और कमलेश कुमारी का कहना है की पहले जब फुटपाथ का निर्माण नहीं हुआ था तब ग्राहक गाड़ी या अपने दोपहिया वाहन को मुख्य सड़क से नीचे आसानी से पार्क कर अपना रोजमर्रा का सामान खरीद कर आसानी से चला जाता था। लेकिन जब से यह फुटपाथ निर्माण में ये रेलिंग विभाग द्वारा लगाई गई है, तब से ग्राहक गाड़ी को बीच सड़क पर खड़ा करने से कतरा रहे है जिस कारण हमारी दुकानदारी पर काफी असर पड़ रहा है। वही मनीष संधु का कहना है कि हमने कई बार ठेकेदार, एसडीएम अंब, बीडीओ अंब और नवनिर्वाचित विधायक सुदर्शन सिंह बबलू से भी गुहार लगाई कि कम से कम दुकानों के आगे फुटपाथ को सड़क से ऊंचा करके ना बनाए जाए। उसकी जगह पेवर लगाकर फुटपाथ का निर्माण किया जाए। लेकिन ना तो प्रशासन द्वारा और ना ही ठेकेदार द्वारा इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया। सभी स्थानीय व्यापारियों और गांववासियों ने गुहार लगाई है की कम से कम दुकानों के आगे से फुटपाथ को समतल किया जाए ताकि उनके रोजगार पर कोई असर ना पड़े। लोगों ने पत्रकारों को अपनी ऊंचे फुटपाथ बनने के कारण आने वाली समस्याओं के बारे में बातचीत करते हुए कहा कि ऊना से मुबारकपुर रोड पर बहुत ज्यादा स्पीड ब्रेकर्स का निर्माण विभाग द्वारा करवाया गया है। स्पीड ब्रेकर्स की वजह से टू व्हीलर को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।लोगों का कहना हैं की जो स्पीड ब्रेकर्स प्रशासन द्वारा गाड़ी की गति को धीमा करने के लिए लगाए जाते हैं,उनसे कोई गति धीमी नहीं होती, सभी हाई सेंसर वाहन फुल स्पीड में इन ब्रेकर्स को क्रॉस करते हैं। देखा जाए तो इन स्पीड ब्रेकर्स की वजह से ज्यादा परेशानी एंबुलेंस चालकों एवम् उसमें बैठे मरीजों को होती है, गर्भवती महिलाओं के लिए ये ब्रेकर्स बहुत मुश्किल पैदा करते हैं, क्योंकि इन ब्रेकर की ऊंचाई ज्यादा है,और रात के समय में जाने वालों को हमेशा खतरा रहता है क्योंकि इन स्पीड ब्रेकर्स में कोई रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाया गया है, जिससे बहुत सी सड़क दुर्घटनाएं भी हो जाती है। लोगों का कहना है रेडियम येलो पेंट वाले स्पीड ब्रेकर टायरिंग वाले स्पीड ब्रेकरों की तुलना में ज्यादा अच्छे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन ने महज दिखावा के लिए इतना पैसा बर्बाद किया है। क्योंकि इनसे सुविधा कम और नुकसान ज्यादा होता है।
हमने फोन के माध्यम से एनएचए एक्सियन हमीरपुर लखनपाल से संपर्क साधा उन्होंने कहा की एनएच ऊना से अंब के बीच में 3 जगहों पर बीजापुर से कुठियाड़ी, बडूही से भैरा,बसाल से झलेड़ा बन रहे फुटपाथों का कार्य प्रगति पर है। जल्दी ही ये फुटपाथ बनकर तैयार होंगे, जिससे आम जनता को काफी फायदा होगा। उन्होंने कहा की अगर इस कार्य में अनियमितताऐं पाई जाती है तो ठेकेदार को विभाग द्वारा दिशा निर्देश दिया जाएंगे ताकि इनको लेकर किसी भी प्रकार की अनिमित्ताएं ना बरती जाए। एसडीओ अम्ब का कहना है कि कार्य प्रगति पर है, पूरे मापदड़ों के साथ इन फुटपाथों को तैयार किया जा रहा है, इसमे मिश्रण और समान को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा रही।
