महाराष्ट्रः पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता शरद पवार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार की अचाक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया। शरद पवार के कार्यालय ने जानकारी दी है कि उन्हें बुखार और खांसी की शिकायत है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 85 वर्षीय पवार फिलहाल अपने पैतृक निवास बारामती में थे, जहां उन्हें अस्वस्थता महसूस हुई।
उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत पुणे शिफ्ट करने का फैसला लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को अब बारामती से पुणे लाया जा रहा है। जहां उन्हें रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया जाएगा, विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम वहां उनके स्वास्थ्य की जांच करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और परिवार के सदस्य भी पुणे जा रहे हैं।
हालांकि, अभी तक अस्पताल या परिवार की ओर से उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, कुछ ही समय पहले शरद पवार का काफिला पुणे की ओर रवाना हुआ। शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद हैं। शरद पवार के काफिले में एक एंबुलेंस भी शामिल है। थोड़ी ही देर में शरद पवार पुणे पहुंचेंगे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
