ऊना/सुशील पंडित: नगर निगम ऊना के अंतर्गत फ्रेंड्स कॉलोनी इस वर्ष अगस्त–सितंबर माह के मानसून सीज़न में भारी वर्षा के कारण गंभीर जलभराव की समस्या से प्रभावित रही। तेज बारिश के चलते लोगों के घरों, दुकानों तथा अन्य प्रतिष्ठानों में पानी घुस गया, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी क्षति उठानी पड़ी।

उल्लेखनीय है कि अगस्त माह में जब भारी वर्षा के दौरान स्थानीय लोगों के घरों में पानी घुस गया था, तब पूर्व विधायक ऊना सदर सतपाल सिंह रायजादा स्वयं बारिश में मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने तत्काल राहत कार्य करवाते हुए जेसीबी मशीन लगाकर बंद नाले को खुलवाया, जिससे जल निकासी संभव हो सकी और लोगों को अस्थायी राहत मिली। आज पुनः स्थिति का जायजा लेने के लिए सतपाल रायजादा ने नगर निगम ऊना के आयुक्त महेंद्रपाल गुर्जर के साथ प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रायजादा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नालों और ड्रेनेज सिस्टम की त्वरित सफाई एवं सुदृढ़ीकरण किया जाए। और स्थायी समाधान के लिए मास्टर प्लान तैयार कर उचित बजट की व्यवस्था की जाए और प्रभावित परिवारों और दुकानदारों को राहत पहुंचाने के लिए शीघ्र सर्वे करवाया जाए।
जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि भविष्य में नागरिकों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर नगर परिषद ऊना के पूर्व अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी, बीडीसी सदस्य विक्की सैनी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
