ऊना/सुशील पंडित: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने ऊना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव लोअर अरनियाला का दौरा कर विभिन्न विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। इसी के साथ जनसमस्याओं को भी सुना और अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान किया ।
इस दौरान उन्होंने गांव में बन रहे रास्तों तथा प्राइमरी स्कूल के नवीनीकरण कार्य की प्रगति का जायज़ा लिया। गांव में लंबे समय से चली आ रही बिजली वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने बिजली विभाग को प्राइमरी स्कूल के पास ट्रांसफार्मर स्थापित करने के आदेश दिए।
सतपाल रायजादा ने बरसात समाप्त होते ही लक्खूराम गेट से टक्का रोड तक नई सड़क निर्माण हेतु नगर निगम ऊना के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त गांव लोअर अरनियाला में 30 सोलर लाइटें लगाने के भी आदेश दिए।
पूर्व विधायक ने गांव के विश्वकर्मा मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रारंभिक तौर पर 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, टक्का रोड से स्मार्ट स्टूडियो हमीरपुर रोड तक अधूरे पड़े कार्य को जल्द पूर्ण करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र गुरुद्वारा श्री होलगढ़ साहिब के प्रवेश द्वार के निर्माण की योजना पर भी चर्चा की। इसी के साथ स्थानीय बाल्मीकि परिवार ने रायजादा के प्रयासों से घर के पास डंगा लगवाने के लिए आभार प्रकट किया। वहीं लोअर अरनियाला वासियों ने भी गांव में चल रहे विकास कार्यों के लिए तथा गांव में उचित मूल्य की दुकान खुलवाने हेतु पूर्व विधायक सतपाल रायजादा एवं स्थानीय प्रधान नीना सैनी का धन्यवाद किया।
