करनालः हरियाणा के करनाल में असंध एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) टीम ने रिश्वत के मामले में कार्रवाई करते हुए फॉरेस्ट ऑफिसर को रंगे हाथों काबू किया है। एसीबी टीम ने अफसर को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। गिरफ्तार दोषी की पहचान चांदवीर के रूप में हुई है। एसीबी टीम के प्रवक्ता ने बताया कि अधिकारी फार्म हाउस के लिए रास्ता बना रहे किसान को डरा-धमकाकर पैसे मांग रहा था। जिसकी शिकायत मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए देर रात दोषी को पकड़ लिया। टीम द्वारा रातभर दोषी से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि वह किसान पर पेड़ काटने का आरोप लगा डरा रहा था।
इसका खुलासा शनिवार दोपहर के बाद हुआ। दरअसल, आज टीम दोषी का मेडिकल कराने सिविल अस्पताल लाई। इसके बाद उसे कोर्ट में भी पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की जानकारी देते हुए एसीबी इंस्पेक्टर सुलतान सिंह ने बताया कि चांदवीर वन विभाग में फॉरेस्ट ऑफिसर है। असंध के जींद रोड पर एक किसान अपने खेत में फार्म हाउस बनाना चाहता था।
उसने रास्ता बनाने के लिए जमीन की सफाई करवाई। इसी दौरान चांदवीर वहां पहुंचा और किसान पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने व पेड़ काटने का आरोप लगाया।इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी ने किसान को डराया और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। चांदवीर ने जेसीबी से फार्म हाउस के सामने गड्ढे खुदवा दिए और कहा कि उस पर 15 लाख रुपए का जुर्माना लगेगा। डर के चलते किसान ने बातचीत की, जिसके बाद मामला डेढ़ लाख रुपए में तय हुआ। आरोपी लगातार पैसे देने का दबाव बना रहा था।