नई दिल्लीः ईरान और इजराइल युद्ध के चलते पिछले एक महीने से शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद घरेलू शेयर बाजार में आज भारी तेजी दिख रही है। दरअसल, ट्रंप का कहना है कि वह दो-तीन हफ्ते में लड़ाई खत्म हो सकती है। स खबर के चलते अमेरिकी बाजार भी गुलजार हो गए हैं। जिसके बाद शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 1,900 अंक से अधिक तेजी आई जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 600 अंक से ज्यादा उछला। सुबह 9.37 बजे सेंसेक्स 1625.44 अंक यानी 2.26% तेजी के साथ 73,572.99 अंक पर ट्रेड कर रहा था।
निफ्टी भी 500.80 अंक यानी 2.24% उछलकर 22,832.20 अंक पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले दो सत्रों में शेयर बाजार में भारी गिरावट आई थी। सोमवार को सेंसेक्स 1,635.67 अंक यानी 2.22% की गिरावट के साथ 71,947.55 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी में 488.20 अंक की गिरावट आई थी। InterGlobe Aviation ने विलियम वॉल्श को नया CEO नियुक्त किया है। वॉल्श फिलहाल International Air Transport Association (IATA) से जुड़े हुए हैं। उनका कार्यकाल वहां 31 जुलाई 2026 को खत्म होगा और इसके बाद वे 3 अगस्त 2026 तक कंपनी जॉइन कर सकते हैं।
ट्रंप के बयान के बाद दुनिया भर के शेयर बाजारों में तेजी आई है। अमेरिका में एसएंडपी फ्यूचर्स में 0.2% तेजी आई है। इसी तरह जापान का टॉपिक्स 3.6% उछला है। ऑस्ट्रेलिया के S&P/ASX 200 में 1.7% तेजी आई जबकि हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग 1.9% की उछाल के साथ ट्रेड कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट 1.2% उछला है जबकि यूरो स्टॉक्स 50 फ्यूचर 1.8% तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है।
वहीं सेंसेक्स से सभी 30 कंपनियों में तेजी आई है। टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयरों में 6 फीसदी तेजी आई है जबकि डीमार्ट का शेयर 5 फीसदी उछल गया। बजाज फाइनेंस, बीईएल, लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस, इंडिगो, एसबीआई, अडानी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा में भी काफी तेजी आई है। ब्रॉडर मार्केट्स में निफ्टी मिडकैपमें 2.88 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 3.14 फीसदी की तेजी आई है।