नई दिल्ली : नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर दो गुटों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई। फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर लिया गया है।
फिलहाल घायल युवक का इलाज किया जा रहा है। दरअसल पूरा मामला गत शाम का है। यहां थाना सेक्टर-126 पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस को बताया गया कि सेक्टर-125 रेड लाइट के पास फायरिंग हुई है। वहीं फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-126 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
जांच करने पर पता चला कि गौरीश भाटी पुत्र नरेंद्र भाटी निवासी सलारपुर को जांघ में गोली लगी है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही घटना में शामिल व्यक्ति को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
