नई दिल्ली : गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन किसी न किसी शहर में फायरिंग की घटनाएं लोगों के बीच दहशत और मौत का कारण बन रही हैं। ताजा मामला अमेरिका के न्यू मेक्सिको के लास क्रूसेस शहर से सामने आया है। जहां एक पार्क में गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पार्क में कार शो आयोजित किया गया था और उसमें लगभग 200 लोग इकट्ठा हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल घटना पर रात करीब 10 बजे शहर के ‘यंग पार्क’ में पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि इस कार शो के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। घायल हुए लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक घायल हुए लोगों की उम्र 16 से 36 साल के बीच है लास क्रूसेस पुलिस प्रमुख जेरेमी स्टोरी ने बताया कि पार्क के एक बड़े हिस्से में 50 से 60 खोखे बिखरे हुए मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि कई लोगों ने कई अग्नेयास्त्रों से गोलीबारी की।
पुलिस को संदेह है कि ये दो गुटों के बीच गोलीबारी की घटना है जिसमें तीन लोग मारे गए और 15 लोग घायल हो गए। मृतकों में 19 साल के दो युवक और 16 साल का एक किशोर शामिल है। शहर के इस पार्क में हालांकि अवैध कार शो होना कोई नई बात नहीं है लेकिन पहले क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी अधिक रहती थी। लास क्रूसेस के दमकल विभाग के प्रमुख माइकल डेनियल ने बताया कि घायलों को तीन स्थानीय अस्पतालों और एल पासो के ‘यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर’ में भर्ती कराया गया। लास क्रूसेस सिटी काउंसलर जोहाना बेनकोमो और मेयर प्रो टेम जोहाना बेनकोमो ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर एक ‘पोस्ट’ में इस घटना पर दुख व्यक्त किया।