कोलंबियाः कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में ताबड़तोड़ गोलियां चलने की घटना सामने आई है। जहां गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस घटना में 25 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए पास के ही मेडिकल सेंटर में एडमिट करवाया गया है। घटना के तत्काल बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी की और बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 1:20 बजे (स्थानीय समयानुसार) स्कूल में हमलावर की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची, जहां हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हुई। बकौल पुलिस, हमलावर मृत पाया गया है और माना जा रहा है कि उसने खुद को चोट पहुंचाई है। हालांकि, कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस बात की छानबीन कर रही हैं कि क्या इस हमले में कोई दूसरा व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस के मुताबिक उन्हें एक इमरजेंसी मैसेज भी मिला था जिसमें एक संदिग्ध को लेकर काफी कुछ बताया गया।
उस मैसेज में कहा गया था कि एक भूरे बालों वाली महिला देखी गई है। पुलिस को लग रहा है कि इस हमले में उस संदिग्ध महिला की भूमिका हो सकती है। पुलिस ने यह जानकारी भी दी है कि जब फोर्स मौके पर पहुंची तो उन्हें स्कूल परिसर में 6 लोग मृत मिले थे, वहीं एक अन्य शख्स की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। एक पास के घर में भी पुलिस को दो शव मिले हैं जिन्हें इसी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। अभी के लिए पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गोलीबारी में सिर्फ एक हमलावर शामिल था या फिर ज्यादा लोग थे।
