फायर ब्रिगेड ने तीस कर्मियों और दस गाड़ियों से आग पर काबू पाया
ऊना/सुशील पंडित: देश की प्रसिद्ध कार कंपनी मारुति के ऊना शोरूम में सोमवार और मंगलवार की देर रात आग लग गई , जिससे लाखों का नुक्सान हो गया । हालांकि शोरूम में रखी नई गाड़ियों को समय रहते निकाल लिया गया और इन्हें कोई नुक्सान नहीं हुआ । लगभग एक दर्जन नई गाड़ियां वहां थीं , लेकिन उन्हें सुरक्षित निकाल गई । शोरूम के स्पेयर पार्ट्स और फर्नीचर तो अग्नि की भेंट चढ़ गया , जबकि शोरूम भवन भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया ।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची । फायर ब्रिगेड की तीस कर्मचारियों की टीम आरंभ में तीन गाड़ियों के माध्यम से आग बुझाने में जुट गई , पूरे अभियान में लगभग दस से ग्यारह गाड़ियां आग बुझाने में लगी । आग लगने के कारण शोरूम से धुएं का गुबार निकलता रहा और चारों ओर फैल गया । काफी मेहनत के बाद फायर ब्रिगेड की आग की कम कर सकी और धीरे धीरे आग बुझाने में सफल हुई । हालांकि नुक्सान का सही सही आकलन नहीं मिल सका लेकिन अनुमान है कि इससे कंपनी को लाखों का नुक्सान हुआ है ।