वाल्मीकि समाज ने भी वड़िंग खिलाफ किया प्रदर्शन का ऐलान
जालंधरः पंजाब कांग्रेस के प्रधान सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री बूटा सिंह को काला कहने पर बवाल बढ़ता ही जा रहा है। वड़िंग के माफी मांगने के बाद भी मामला शांत नहीं हो रहा। एक तरफ जहां पंजाब SC/ST कमीशन ने सुओ मोटो लेते हुए वड़िंग से 6 नवंबर तक जवाबतलबी कर ली है। वहीं दूसरी ओर वाल्मीकि समाज ने इसका विरोध करते हुए जालंधर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसके अलावा, पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार भी एक्टिव हो गई है। वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि वड़िंग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी वड़िंग को पार्टी से बाहर निकालने की मांग की।
बता दें, तरनतारन उपचुनाव में प्रचार के दौरान वड़िंग ने दलित बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री स्व. बूटा सिंह को लेकर एक टिप्पणी की थी। वड़िंग ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने काले रंग के एक शख्स को, जो लोगों के घरों में चारा काटने का काम करता था, केंद्रीय गृहमंत्री बनाया था। इसके बाद विवाद बढ़ता देखकर राजा वड़िंग को सोशल मीडिया पर आकर सफाई देनी पड़ी।
वड़िंग ने सफाई देते हुए कहा था कि मेरे बयान को तोड़ा-मरोड़ा गया। मेरा मकसद किसी का अपमान करना नहीं था। फिर भी यदि किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। हालांकि वड़िंग की टिप्पणी से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) नेता हरनूर सिंह मान, जो बूटा सिंह के भांजे हैं, ने वड़िंग को पद से हटाने की मांग की है। हरनूर ने कहा कि बूटा सिंह ने गरीबी के बीच संघर्ष करते हुए जालंधर खालसा कॉलेज से पढ़ाई की और फिर कांग्रेस में अपनी मेहनत से केंद्रीय गृहमंत्री, रेलमंत्री, बिहार के राज्यपाल और एससी आयोग के चेयरमैन के पद तक पहुंचे।
उनके बयान का नोटिस लेते हुए पंजाब एससी कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने उन्हें नोटिस भेजकर 6 नवंबर तक जवाब तलब किया है। AAP के फगवाड़ा विधानसभा सीट के इंचार्ज हरनूर मान ने कहा कि वड़िंग जैसे घटिया लोग स्व. बूटा सिंह के चरणों की धूल के बराबर भी नहीं हैं।
यह सरदार बूटा सिंह का अपमानः हरजी मान
आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश प्रवक्ता हरनूर सिंह हरजी मान ने कहा कि राजा वड़िंग को सरदार बूटा सिंह पर टिप्पणी करने से पहले उनके जीवन और संघर्ष को समझना चाहिए था। उन्होंने वडिंग की टिप्पणी को नस्लवादी बताया और कहा कि एक वरिष्ठ नेता के प्रति ऐसे शब्द बेहद अपमानजनक हैं। हरनूर मान स्व. बूटा सिंह के भांजे और प्रदेश के पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान के बेटे हैं। हरजी मान ने कहा कि ऐसे बड़े और कद्दावर नेता पर घटिया टिप्पणी करने वाले राजा वड़िंग के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस हाईकमान से मांग की कि वडिंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया जाए, क्योंकि यह वरिष्ठ नेताओं के प्रति पार्टी की गिरती इज्जत का प्रतीक है।
सरदार बूटा सिंह दलित समाज से आने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता थे, जिन्होंने अपने राजनीतिक करियर में कई अहम पद संभाले। वे 8 बार लोकसभा सांसद रहे, देश के गृह मंत्री, रेल मंत्री और बिहार के राज्यपाल बने। इसके अलावा उन्होंने भारत के अनुसूचित जाति आयोग (SC आयोग) के चेयरमैन के रूप में भी काम किया। 1982 के दिल्ली एशियाई खेलों के आयोजन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।