पंचकूला: विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस की एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने यूके से अमेरिका भेजने का झांसा देकर करीबन 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में 71 साल के श्याम लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्याम लाल वासी रायपुर रानी जिला पंचकूला के तौर पर हुई है। इस बारे में चंडीमंदिर थाने में 31 जनवरी को भारतीय न्याय संहित की धारा 61, 316 (2), 318 (4) तथा इमिग्रेशन एक्ट 1983 की धारा 24 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच के मुताबिक, पंजाब के रहने वाले शख्स ने पुलिस को शिकायत में यह बताया कि साल 2023 में वो इंग्लैंड गया था परंतु वहां पर स्थायी तौर पर रहने और रोजगार की समस्या के कारण वह अमेरिका जाना चाहता था। इस दौरान उसके परिचितों के जरिए से उसकी मुलाकात आरोपी वीर सिंह उर्फ मिट्टू उर्फ जॉन और उसके पिता श्याम लाल से करवाई गई। उन्होंने खुद को एजेंट बताते हुए उसे इंग्लैंड से अमेरिका भेजने का भरोसा दिया है। आरोपियों ने यह काम करवाने के लिए लगभग 30 लाख रुपये की मांग की।
इसके बाद आपसी बातचीत में सौदा 25 लाख रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता के पिता लखविंदर सिंह ने जमीन बेचने और रिश्तेदारों से उधार लेकर आरोपियों को कुल 25 लाख रुपये दिए। इनमें से 15 लाख रुपये नकद पंचकूला सेक्टर-25 में दिए गए। वहीं 10 लाख रुपये अलग-अलग खातों से आरोपी श्याम लाल के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरु करने का भरोसा दिलवाया लेकिन रास्ते में डंकी रुट के जरिए उसे कई देशों में भटकना पड़ा।
आरोपियों ने इस दौरान 3 लाख रुपये भी दिलवाए। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस अवैध रास्ते से यात्रा के दौरान उसे फ्रांस, स्पेन और बाकी देशों में कई दिनों तक कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद विभिन्न देशों की कस्टडी और कैंपों में रहने के बाद आखिरकार उसे मार्च 2025 में भारत वापिस भेजा गया।
भारत लौटने के बाद जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों से पैसे वापिस मांगे तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया और धमकियां देना शुरु कर दिया। शिकायत मिलने के बाद एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट पंचकूला ने मामले की जांच शुरु कर दी है। जांच के दौरान इंचार्ज योगविन्द्र सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी एएसआई दीपक ने 12 मार्च 2026 को आरोपी श्याम लाल को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
आरोपी का बेटा अमेरिका में रहकर लोगों को विदेश भेजने का रैकेट चलाता है। इसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया जाएगा। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी ने फ्रॉड की रकम से जमीन खरीदने का सौदा किया था। इसकी जांच चल रही है और पुलिस उस व्यक्ति का पता लगा रही है। इससे जमीन का सौदा किया गया था। इसके साथ ही पुलिस फ्रॉड की रकम से खरीदी गई अन्य संपत्तियों का भी पता लगा रही है और कानूनी प्रक्रिया के अंतर्गत ऐसी सभी संपत्तियों को सीज किया जाएगा।
डीसीपी ने आम लोगों से अपील की है कि वो विदेश जाने के लिए हमेशा अधिकृत और लाइसेंस प्राप्त एजेंटों के जरिए ही प्रक्रिया अपनाएं। किसी भी एजेंट को बड़ी राशि देने से पहले उसकी वैधता की जांच जरुर करें और सभी लेन-देन बैंकिंग जरिए से ही करें। विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एजेंटों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कई लोग जल्दी विदेश जाने के लालच में बिना जांच-पड़ताल के अवैध एजेंटों के झांसे में आ जाते हैं जिससे उन्हें आर्थिक और शारीरिक नुकसान उठाना पड़ता है।
यदि कोई व्यक्ति विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करता है या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो तुरंत पुलिस या एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को सूचना दें।