उदयपुर : थ्रेसर मशीन में चारा काट रहे किसान की इसी में फंसकर कटने से मौत हो गई। भूसा धकेलने के चक्कर में चारे की तरह पहले हाथ और फिर आधा शरीर मशीन में चला गया। पूरी मशीन पर खून ही खून हो गया। पास खड़ा मजदूर ये दृश्य देख कर सहम गया और भाग कर परिजनों को सूचना दी। मामला बुधवार 11.30 बजे सेमारी थाना इलाके का रठौड़ा के मेडिफला गांव का है। रठौडा चौकी हेड कॉन्स्टेबल गोपाल जोशी ने बताया कि किसान रामजी (63) पुत्र धूलजी पटेल अपने खेत पर थ्रेसर मशीन से चारा निकाल रहा था।
अंत में चारे का थोड़ा बहुत भूसा बचा था। किसान ने उसे भी मशीन में अंदर धकलने के लिए उल्टा हाथ आगे बढ़ाया तो हाथ थ्रेसर मशीन में आ गया और आधा शरीर मशीन में चल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भतीजे हीरालाल ने बताया कि काका गाय का चारा काटने के लिए रिश्तेदार के यहां से मशीन लाए थे। उनके साथ एक मशीन चलाने वाले मजदूर भी था। हादसे के बाद मजदूर ने ही हमें सूचना दी। खेत पर पहुंचकर जब यह देखा तो काका का सिर से लेकर कमर तक पूरा शरीर अंदर फंसकर कट चुका था और पैर बाहर लटके हुए थे।
थ्रेसर मशीन खून से सनी थी। मृतक के 2 बेटे हैं। मृतक का बढ़ा बेटा गौतम पटेल (40) और छोटा बेटा खेमराज पटेल (37) अहमदाबाद में एक होटल में वेटर का काम करते हैं। घटना की खबर लगते ही परिवार में मातम पसर गया। सूचना पर रठौड़ा चौकी के हेड कॉन्स्टेबल गोपाल जोशी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। थ्रेसर मशीन में फंसे हुए शव को बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल मोर्चरी में रखवाया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।