जीरकपुरः मशहूर यू-ट्यूबर एनफ्लुएंसर अरमान मलिक को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है। यही नहीं उनसे 1 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। हालांकि अरमान मलिक का कहना है कि उन्हें पहले भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं और बकायदा जीरकपुर पुलिस को इसकी शिकायत दी हुई है। अरमान मलिक का कहना है कि उन्हें विदेशी नंबरों से लगातार एक महीने से धमकियां मिलती आ रही हैं, हालांकि रंगदारी मांगने वालों ने किसी भी गैंगस्टर का नाम इस्तेमाल नहीं किया है, लेकिन अरमान मलिक को उनके बच्चों को मारने की धमकी भी मिल रही है।
अरमान का कहना है कि वह दुबई में अपनी पत्नी कर्तिका व बच्चों के साथ गए हुए थे। उन्हें विदेशी नंबरों से कॉल आए लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाए। अरमान ने कहा कि रंगदारी मांगने वालों के पास उनकी पत्नी व दोस्तों तक के नंबर हैं। जब उन्होंने फोन नहीं उठाया तो उनकी पत्नी कर्तिका को फोन कर रंगदारी मांगी गई।
उन्हें कहा गया कि अरमान से उनकी बात करवाई जाए। जब उन्होंने इसे भी नजर अंदाज किया तो उन्होंने उसकी पत्नी पायल को फोन कर रंगदारी मांगी जब वह उनकी बात नहीं माने तो उन्होंने उसके दोस्त सूरज भाटिया के नंबर पर कॉल कर रंगदारी मांगी। अरमान मलिक का कहना है कि उन्हें वॉयस नोट भेजे गए है। उनसे 1 करोड़ की रंगदारी मांगी गई और कहा गया कि अगर उनकी डिमांड पूरी नहीं हुई तो वह उसे चमत्कार कार दिखा देंगे। उन्हें एक्शन दिखाने की बात भी कही गई। यहां तक की उनके बच्चों को मारने की धमकी तक दी जा रही है।
उन्होंने सबूतों के साथ जीरकपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। अरमान मलिक का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है लेकिन उन्हें बार-बार फोन कर रंगदारी मांगकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले उन्हें 30 लाख और 5 लाख रुपए रंगदारी देने की धमकियां मिल चुकी हैं।
