गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में फर्जी आईएएस अफसर को लेकर खुलासा हुआ है। आरोप है कि इटावा के रहने वाले प्रीतम कुमार निषाद ने खुद को IAS अधिकारी बताकर एक परिवार शादी के झांसे से लाखों रुपए ठग लिए। इटावा के एकदिल थाने में पहले से दो युवतियों ने मुकदमा दर्ज कराया है। इस बार धोखाधड़ी का शिकार बने गोरखपुर के पीड़ित परिवार के लोग जब हकीकत जानने उसके गांव पहुंचे, तो वहां लोगों ने फर्जीवाड़े के प्रमाण दिए गए और आरोपी द्वारा धोखे से 25 शादियां किए जाने की जानकारी दी। परिजन बेटी को वापस ले आए, लेकिन आरोपी फरार है। बताया जा रहा हैकि दूल्हे ने शादी के दौरान 45 लाख रुपये ऐंठे और दुल्हन को गोवा ले जाकर बेचने की योजना बनाई। प्रीतम कुमार निषाद नामक युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताया और उसके बाद एक लड़की के परिवार ने व्हाट्सएप के निषाद विवाह ग्रुप से उसका बायोडाटा देखा था, जिसमें वह IAS अधिकारी के रूप में दिखाया गया था।
पीड़ित लड़की के पिता पैरालाइज्ड हैं, उन्होंने बताया कि उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। दो बेटियों की शादी के बाद उन्होंने छोटी बेटी के लिए रिश्ता तलाशना शुरू किया। दिल्ली में रहने वाली बड़ी बेटी ने समाज के एक ग्रुप में आए युवक का प्रोफाइल दिखाया। इसमें प्रीतम कुमार निषाद (निवासी लुधियात मोहल्ला, इटावा) को 32 वर्षीय आईएएस अधिकारी और मणिकपुर में तैनात एसडीएम बताया गया था। उसने दहेज न लेने की बात भी कही थी। दिसंबर 2025 में प्रीतम गोरखपुर आया और लड़की को पसंद कर लिया। परिजन उसकी जानकारी के लिए इटावा भी गए, जहां उसने लुधियात मोहल्ले में एक मकान दिखाया और बताया कि वह अपनी बहन के साथ यहां रहता है।
गांव के बारे में पूछने पर उसे पिछड़ा बताते हुए, वहां कम आना-जाना बताया और खुद को गांव का पहला आईएएस अधिकारी बताया। इन बातों से परिवार आश्वस्त हो गया और 11 मार्च 2026 को शादी तय कर दी गई। बाद में उसने शादी के खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये ले लिए। सगाई से 3 दिन पहले दूल्हा पक्ष ने “शादी खर्च” के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से 10 लाख सगाई में और बाकी 5 लाख तिल और शादी के दिन दिए गए। कुल मिलाकर परिवार ने शादी पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें 15 लाख कैश दहेज शामिल था। शादी 11 मार्च 2026 को नंदा नगर इलाके के एक मैरिज हॉल में धूमधाम से संपन्न हुई।
शादी की रस्म अदा की गई , दोनों पक्ष के लोग खुश थे। लेकिन जब दुल्हन की विदाई हो गई उसके बाद सच्चाई सामने आई कि दूल्हा कोई IAS नहीं था। रोती रोती नई नवेली दुल्हन ने अपने परिवार को बताया कि उसका पति धोखेबाज और फर्जी है। पैसों के लालच में उसने शादी की थी और अब वह उसे गोवा ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था। परिवार को यह खबर सुनते ही सांप सूंघ गया, उन्होंने तुरंत गोरखपुर कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोप में दुल्हन के साथ छेड़छाड़ की भी बात कही गई है। थाने पहुंची दुल्हन और उसके परिवार ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की और जांच शुरू कर दी है।
