शामली: झिंझाना थाने में कोर्ट के आदेश पर पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब नष्ट कर रही थी। इस दौरान शराब को नष्ट करने के दौरान अचानक धमाका हो गया। मिली जानकारी के अनुसार धमाके की चपेट में 2 कांस्टेबल, जेसीबी चालक और चौकीदार आ गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि झिंझाना थाना परिसर में पुलिस द्वारा विभिन्न मुकदमों में जब्त की गई भारी मात्रा में अवैध शराब को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही थी।
यह प्रक्रिया थाना परिसर के ठीक पीछे स्थित ग्राउंड में चल रही थी। जेसीबी की मदद से शराब की बोतलों और पव्वों को नष्ट किया जा रहा था कि तभी अचानक एक विस्फोट हुआ और चारों तरफ आग की लपटें फैल गई। अचानक हुए इस धमाके और आग ने मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका भी नहीं दिया। हादसे में मुख्य आरक्षी जोनी और ललित, चौकीदार नवाब व जेसीबी चालक सुनील आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।
धमाके की आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी मौके की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने चारों को झिंझाना के आयुष्मान अस्पताल में भर्ती कराया। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि हादसे में दो लोग अधिक झुलसे हैं। फिलहाल प्राथमिकता उपचार सुनिश्चित करना है। शराब की कुल मात्रा और संबंधित मुकदमों का विवरण स्थानीय स्तर से जुटाया जा रहा है।
