हरदाः शहर में मगरधा रोड पर स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में आतिशबाजी के लिए रखे बारूद के संपर्क में आकर आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के 50 से ज्यादा घरों में आग लगी है। इसकी वजह से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। फैक्ट्री से उठतीं आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। बताया जाता है कि फैक्ट्री में विस्फोट के वक्त 100 से ज्यादा मजदूर अंदर काम कर रहे थे।
इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा जा रहा है। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। घटनास्थल के आसपास पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने फिलहाल फैक्ट्री की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी है। हरदा में हुए हादसे के बाद नर्मदापुरम जिले से तीन एंबुलेंस वा डाक्टरों की टीम रवाना की गई है। कलेक्टर सोनिया मीना ने बताया की जरूरत पड़ी तो और एंबुलेंस भेजी जाएगी। हरदा जिला प्रशासन के संपर्क में भी लगातार बने हुए हैं।
