नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली इस समय बाढ़ की चपेट में है। आज सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर पहुंच गया। लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना में पानी बढ़ता ही जा रहा है। आज बाढ़ का असर दिल्ली मेट्रो पर भी पड़ा है। आज सुबह बाढ़ के कारण रेड लाइन यमुना पुल पर मेट्रो की स्पीड कम कर दी गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सारे स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उधर, यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है। यह जानकारी दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट कर दी है। जिसमें उन्होंने कहा कि यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन में प्रवेश और निकास को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद किया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने ट्वीट किया, “यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि, इंटरचेंज सुविधा अभी भी उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।”
यमुना के बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो ट्रेनें चार यमुना पुलों को 30 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से पार कर रही हैं। डीएमआरसी ने ट्वीट कर बताया, “यमुना के बढ़ते जल स्त क्यूर के कारण एहतियात के तौर पर नदी पर बने सभी चार मेट्रो पुलों से ट्रेनें 30 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से गुजर रही हैं। सभी गलियारों पर सेवाएं सामान्य।” उफनती नदी 1978 के सर्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ते हुए खतरे के निशान को पार कर गई है, जिससे तटों के पास के निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है।
इससे कुछ देर पहले डीएमआरसी ने यह भी ट्वीट किया था, “यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण, यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क वर्तमान में दुर्गम है… हालाँकि, इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध है। वहीं तीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़े हैं जिससे कई इलाकों में 2-3 दिनों तक पानी की सप्लाई बाधित होगी। उधर, दिल्ली के कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। निचले इलाकों में रहने वाले 16 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। आईएसबीटी कश्मीरी गेट पर 3 से 4 फीट पानी भरा है। बाढ़ के चलते निगम बोध घाट बंद कर दिया गया है। ‘लोहा पुल’ इलाके में लोग घरों और मंदिर की छतों पर रहने के लिए मजबूर हैं। कल दोपहर 1 बजे यमुना नदी बाढ़ के उच्चतम रेकॉर्ड 207.49 मीटर को पार कर गई थी। आज यमुना का पानी बढ़ने के चलते जीटी करनाल रोड पर पानी आ गया, जिससे ट्रैफिक काफी प्रभावित हुआ। कश्मीरी गेट पास निचले इलाकों में भी पानी भर गया है। सड़क पर कई जगहों पर घुटने तक पानी है। दिल्ली के कई इलाकों में आज ट्रैफिक स्लो है।
उधर, दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर रखी है। धारा 144 के तहत 4 या उससे ज्यादा लोगों के गैर-कानूनी जमावड़े और समूहों में सार्वजनिक आवाजाही पर रोक लग जाती है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है और निचले इलाकों में आवाजाही न करने की चेतावनी दी है। लोगों से कहा गया है कि चूंकि यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, इसलिए बिजली लाइन से दूर रहें और किसी भी जरूरत की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें।