ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 के तहत रोजगार विभाग द्वारा भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। ज़िला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने जानकारी दी कि यह रोजगार मेला 14 अप्रैल को सुबह 10 बजे हरोली मैदान, रोड़ा में आयोजित होगा। इसमें ल्यूमिनस पॉवर एंड टेक्नोलॉजी लिमिटेड, लिवगार्ड पीर एंड एनर्जी लिमिटेड, स्विस गार्नियर लिमिटेड, नगाड़ा मल्टीप्लास्ट इंडस्ट्री, स्टैनफोर्ड लेबोरेटरीज, एनजीजी पॉवर टेक, सुरिये पोलेक्स, सुखजीत एग्रो इंडस्ट्रीज के अलावा 15 अन्य उद्योगों द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा।
अक्षय शर्मा ने बताया कि यह रोजगार मेला युवाओं के लिए उद्योगों में इंटरव्यू के ज़रिए सीधे चयन का एक बड़ा अवसर है। उन्होंने बताया कि 10वीं, 12वीं, आईटीआई, बी.फार्मा, एम.फार्मा, बी.टेक, डिप्लोमा, बी.कॉम, एम.कॉम, बी.ए., बी.एससी., एम.एससी. योग्यताधारी अभ्यर्थी रोजगार मेले में आयोजित होने वाले साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को विभिन्न उद्योगों में उनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर समायोजित किया जाएगा। यदि किसी उम्मीदवार के पास अनुभव प्रमाणपत्र है, तो उसे प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल प्रमाण पत्र, बायोडाटा की कॉपी, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। मेले में किसी भी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए 01975-226063 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में आने-जाने का कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। ज़िला रोजगार अधिकारी ऊना ने सभी बेरोजगार एवं योग्य युवाओं से आग्रह किया है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में उपस्थित हों।