पंचकूलाः देश भर में आज ट्रेड यूनियन द्वारा हड़ताल का ऐलान किया गया था। इसी को लेकर सेक्टर-5 में देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में आज पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले विभिन्न विभागों से आए कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग उठाई। धरने में सफाई कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा अन्य विभागों के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे पिछले कई वर्षों से संविदा और अस्थायी आधार पर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है और उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। सर्व कर्मचारी संघ जिला सचिव रणधीर राघव ने कहा कि जिन कर्मचारियों की सेवा अवधि 10 वर्ष या उससे अधिक पूरी हो चुकी है, उन्हें तुरंत प्रभाव से नियमित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों से निरंतर कार्य तो ले रही है, लेकिन उन्हें स्थायी दर्जा और सुविधाएं देने में देरी कर रही है, जो न्यायसंगत नहीं है। कर्मचारियों ने यह भी मांग की कि उनकी सैलरी फिक्स की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक स्थिरता मिल सके और वे अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें। उनका कहना था कि अस्थायी वेतन व्यवस्था के कारण उन्हें कई प्रकार की आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखते हुए कहा कि उन्हें ड्यूटी के दौरान वर्दी उपलब्ध कराई जाए या उसके बदले निर्धारित भत्ता दिया जाए। उनका कहना था कि कई बार उन्हें अपनी जेब से खर्च कर वर्दी की व्यवस्था करनी पड़ती है, जो उचित नहीं है। प्रदर्शन के अंत में कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने एकजुट होकर कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
