लद्दाखः जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, 3ः48 मिनट पर आए भूकंप का केंद्र करगिल में 10 किलोमीटर जमीन के नीचे था। इसके झटके कश्मीर में भी महसूस किए गए। बताया जा रहा है कि जम्मू, श्रीनगर, पुंछ, किश्तवाड़, कारगिल समेत दोनों प्रदेशों के कई हिस्सों में भूकंप के झटके लगे। एक घंटे के भीतर 4 बार धरती कांपी। सबसे पहला झटका दोपहर 3ः48 मिनट पर लगा।
इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई है। इसके बाद दूसरा झटका 3ः57 मिनट पर महसूस किया गया। दूसरे झटके की तीव्रता 3.8 रही। इन दोनों झटकों का केंद्र लद्दाख का कारगिल क्षेत्र रहा। इसके बाद तीसरा झटका 4ः01 मिनट पर दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता 4.8 रही। चौथा झटका 4ः18 मिनट पर लगा। इसकी तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। तीसरे और चौथे भूकंप का केंद्र जम्मू संभाग का जिला किश्तवाड़ रहा। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने ये जानकारी साझी की है।
इसके चलते किसी तरह के जानमाल के नुकसान की फिलहाल सूचना नहीं मिली है। लोगों ने बताया कि उन्होंने दो बार झटके महसूस किए। पहले के मुकाबले दूसरा झटका कम तीव्र था। कई जगहों पर लोग अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने तुरंत अपनों को फोन कर भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी साझी की और उनका हालचाल भी जाना।