जयपुरः यहां एक इंजीनियर मेट्रो के आगे कूद गया। युवक ने सुसाइड की वजह घर वालों से परेशानी बताई। इस दौरान युवक को कूदता देखकर मेट्रो ट्रेन ऑपरेटर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए जिससे युवक की जान बच गई। ऑपरेटर ने मेट्रो ट्रेन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया।
जानकारी देते हुए एसआई मुंशीलाल शर्मा ने बताया कि कर्नाटक के तुमकुर निवासी यशवंथ (35) पुत्र अश्वथप्पा ने सुसाइड की कोशिश की। वह बेंगलुरु में एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर है। वह 11 फरवरी को सुबह प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन, प्रयागराज जाने की बजाय बेंगलुरु से फ्लाइट से जयपुर आ गया था। 11 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे जयपुर रेलवे मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर सिंधीकैंप की तरफ से आ रही मेट्रो को देखकर यशवंथ ने ट्रैक पर छलांग लगा दी।
मेट्रो के ऑपरेटर मुकेश कुमार यादव ने सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ड्यूटी स्टेशन कंट्रोलर कृष्णा कुमारी ने अपने सहयोगी स्टाफ की मदद से युवक को बाहर निकालकर मेट्रो रेल पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यशवंथ ने गांजा का नशा कर रखा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा का नशा करता है। नशा मुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। सुसाइड करने का कारण पूछने पर उसने बताया कि मुझे घरवाले पसंद नहीं हैं। इसलिए मैं सुसाइड कर रहा था।