पंचकूलाः करनाल के घरौंडा में डॉक्टर के साथ एसएचओ के द्वारा मारपीट किए जाने के मामले को लेकर आज पंचकूला सेक्टर 6 अस्पताल में डॉक्टर हड़ताल पर रहे। वहीं डॉक्टर के साथ हुई मारपीट के बाद जहां मारपीट करने वाले पुलिस अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। लेकिन डॉक्टरों की मांग है की मारपीट करने वाले एसएचओ के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। हरियाणा सहित आज पंचकूला सेक्टर 6 अस्पताल में भी डॉक्टर एक दिन की हड़ताल पर रहे और सभी ओपीडी सुविधा बंद रही जिसके चलते उपचार करवाने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पंचकूला सेक्टर 6 हॉस्पिटल में हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजेश ख्यालिया भी प्रदर्शन में शामिल हुए इस प्रदर्शन की अध्यक्षता पंचकूला जिले की अध्यक्ष डॉक्टर सोनल गौतम के द्वारा की गई।
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजेश ख्यालिया ने बताया कि जिस प्रकार से घरौंडा में थाना प्रभारी के द्वारा डॉक्टर के साथ मारपीट की गई। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस रोग में आज पंचकूला सहित पूरे हरियाणा में डॉक्टर हड़ताल पर हैं और सभी ओपीडी सुविधा बंद कर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की मांग है कि पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। सस्पेंड किए जाने की बात पर कहा कि सस्पेंड किया जाना कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए।
वही जिला अध्यक्ष डॉक्टर सोनल गौतम ने कहा कि आज पंचकूला जिले के सभी डॉक्टर अपनी ओपीडी बंद कर हड़ताल पर हैं। उनकी एक ही मांग है कि डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। वहीं अस्पताल में उपचार करवाने आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंचकूला और आसपास के इलाकों के लोग उपचार के लिए पहुंचे थे और हड़ताल के चलते उन्हें बिना उपचार के वापस लौटना पड़ा।