जालंधर: उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले में शादी समारोह के दोरान 2 युवकों की मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक प्रतापगढ़ जिले से 50 किलोमीटर दूर कोतवाली लालगंज थानाक्षेत्र के चकोड़िया गांव में शादी समारोह के दौरान शराब के नशे में हुए विवाद में 2 युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक चकोडिया गांव में शनिवार रात विदेशी गौतम की बेटी की शादी थी और लीलापुर थानाक्षेत्र के चितरी निवासी मनोज कुमार गौतम के घर से बारात आई थी। बारात आने के बाद द्वार पूजा के दौरान शराब के नशे में आपस में कहासुनी के दौरान कुछ बारातियों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें पवन दीप (22), इंद्रजीत सिंह उर्फ जीत सिंह (32) एवं विशाल (24) गंभीर रूप से घायल हो गए।
ए.एस.पी. ने घायलों को लालगंज ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां से उन्हैं प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मैडीकल कालेज रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मैडीकल कालेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने पवन को मृत घोषित कर दिया और इंद्रजीत सिंह उर्फ जीत सिंह को एस. आर. एन. हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इस हादसे में घायल विशाल का उपचार मैडीकल कालेज में चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक पवन दीप सुल्तानपुर जिले के देलियांव गांव का एवं इंद्रजीत सिंह पंजाब के जालंधर का रहने वाला बताया जा रहा है। विशाल भी जालंधर का ही निवासी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।