जालंधर: डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. सवाती ने आज जिले के दो सब-डिवीजन सिविल अस्पतालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टांडा अस्पताल में एसएमओ और स्टाफ को अस्पताल में पाई गई खामियों के कारण फटकार लगाई। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को तुरंत ठीक करने के लिए भी कहा।
डॉ. सवाती ने निर्देश दिए कि 15 दिनों के अंदर जो भी कमियां हैं उन्हें ठीक करके रिपोर्ट दी जाए। इसके बाद उन्होंने दसूहा सिविल अस्पताल का दौरा किया। दसूहा अस्पताल में उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र, लेबर रुम, गायनी वॉर्ड, दवाईयों के स्टोर, ऑपरेशन थिएटर, बाल वार्ड और सभी भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बात की।
परिजनों और मरीजों से बात करके उन्होंने संतोष भी प्रकट किया। डॉ. सवाती के साथ डॉ. सिप्रा और गुरविंदर शान भी उपस्थित थे। इस मौके पर डॉ. सवाती ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से पंजाब के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
