Punjab Govt AD
HomeHimachalउप मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ 19 लाख रूपये की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं...

उप मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ 19 लाख रूपये की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के किए लोकार्पण व शिलान्यास

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
बसाल में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में सुनी समस्याएं

 

जिला ऊना का प्राथमिकता के आधार संतुलित विकास करना मुख्य ध्येय – मुकेश अग्निहोत्री
 
ऊना/सुशील पंडित:राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों के कल्याणार्थ क्रियान्वित की जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों व कार्यक्रमों का लाभ आम लोगों तक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित  करने तथा लोगों की समस्याओं को उनके घर द्वार पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम बेहतरीन कार्यक्रम साबित हो रहा है। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुटलैैहड विधानसभा के गाँव बसाल में आयोजित सरकार गाँव के द्वार कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज में परिवर्तन व क्रांति लाने के एजेंडे पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वोट की राजनीति से ऊपर उठकर गरीब कल्याण की सेवा व जिला के संतुलित विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिला में पानी की समस्याओं का स्थाई रूप से हल करने के लिए पूरे जिला में करोड़ों रूपये पानी की स्कीमों पर खर्च किए जा रहें ताकि जिला के लोगों को पीने के लिए स्वच्छ जल व सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनाथ बेसहारा बच्चों के लिए सुख आश्रय योजना शुरू की। इस योजना को शुरू करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश ने राज्य के 4 हज़ार अनाथ बच्चों को सुख आश्रय योजना के तहत अपनाकर उन्हें चिल्ड्रन आॅफ द स्टेट का दर्जा दिया है। उन्होंने बताया कि जिला ऊना में 238 बच्चों को इस योजना में चिन्हित किया गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के चलते राज्य को भारी नुक्सान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए 45 सौ करोड़ रूपये का विशेष पैकेज़ जारी किया। इस विशेष आपदा राहत पैकेज़ के तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए मकानों को पुनः बनाने के लिए सात-सात लाख रूपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए लोगों के आशियाने पुनः स्थापित करने के लिए एक-एक लाख रूपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई ताकि बेघर हुए लोगों को अपना खुद का आशियाना बनाने में किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पडे़। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही कैबिनेट की पहली बैठक में राज्य के एक लाख 36 हज़ार कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना बहाल करके लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोगों से जो भी वायदे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। 
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग के तहत 10 हज़ार नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पानी की प्रत्येक स्कीम पर विभाग के कर्मी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी विभाग में 350 कंडक्टर व 350 चालकों की भी भर्तियां की जाएंगी। इसके साथ ही दर्शन सेवा योजना के तहत 175 रूटों पर नई बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक धार्मिक स्थलों के लिए दर्शन सेवा के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार के लिए 50 बसें और अयोध्या के लिए 6 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण व जीरणोद्धार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी व बिजली महादेव, बाबा बालक नाथ में रोप-वे स्थापित किए जाएंगे ताकि लोगों को मंदिर तक जाने के लिए आसानी हो। उन्होंने बताया कि लोअर बंगाणा के लिए लगभग 44 करोड़ रूपये की स्कीम तैयार की है जिसकी शीघ्र आधाशिला रखी जाएगी ताकि क्षेत्र के लोगों को सुचारू रूप से पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि यदि उनके ध्यान में ऐसा कोई मामला है जोकि नशे का व्यापार करता है तो उसे प्रशासन के ध्यान में लाया जाए। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वे धन दोगुना करने वाले लोगों के झांसे में भी न आएं। उन्होंने आम जन से आहवान किया कि जिला के निरंतर प्रगति के लिए विकास कार्यों में अपना बहु मूल्य सहयोग प्रदान करें। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में 38 विभिन्न समस्याएं तथा 45 मांगे प्राप्त हुई।
सुख आश्रय योजना व आपदा राहत पैकेज़ के लाभार्थियों से किया संवाद
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बसाल में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। सुख आश्रय योजना से लाभान्वित हुए अकाश शर्मा ने बताया माता पिता की मृत्यु होने के उपरांत उन्हें अपना गुजर बसर करने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अकाश शर्मा बकरियां चरा कर अपना घर का गुजारा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जिला बाल संरक्षण अधिकारी के माध्यम से उन्हें सुख आश्रय योजना का लाभ मिला और तीन दिन के भीतर उनका दाखिला वैटरनरी की कोर्स में करवाया गया और तीन लाख रूपये की फीस अदा की गई तथा उन्हें चार हज़ार रूपये प्रति माह भी मिल रही है। अकाश शर्मा ने सुख आश्रय योजना से जोड़कर उन्हें बच्चों की प्रतिस्पर्धा के साथ जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। इसी योजना के दूसरे लाभार्थी मंदीप सिंह ने बताया कि बताया कि वर्तमान में वह आईटीआई की शिक्षा ग्रहण कर रहे तथा सुख आश्रय योजना का लाभ ले रहे हैं। इसके लिए उन्हें प्रदेश सरकार का धन्यावाद किया।
इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदा से अपने आशियाना खो चुकी कौशल्या देवी ने भी प्रदेश सरकार का धन्यावाद किया। उन्होंने बताया कि आपदा के चलते उनका घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था जिसके लिए उन्हें राजस्व विभाग के माध्यम से एक लाख रूपये की त्वरित आर्थिक मदद प्रदान की गई जिसके लिए उन्होंने मुकेश अग्निहोत्री व राज्य सरकार का धन्यावाद किया। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रही विशेष लोक अदालतों से लाभान्वित हुए शंकर चैधरी ने भी प्रदेश सरकार का दिल की गहराईयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि काफी लम्बे समय से उनकी जमीन का इंतकाल संबंधी मामला लंबित चल रहा था। लेकिन इन विशेष लोक अदालतों से उनकी समस्या का स्थाई समाधान हुआ है।
सुख आश्रय योजना व बेटी है अनमोल के तहत प्रदान किए पात्रता प्रमाण पत्र व एफडी
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान जिला के 14 पात्र बच्चों को सुख आश्रय योजना के तहत पात्रता प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके अतिरिक्त बेटी है अनमोल योजना के तहत प्रथम चरण में 6 बच्चियों को 21-21 हज़ार रूपये की एफडी प्रदान की।कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा ग्रीन इंडिया मिशन के तहत आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए जिला की दस पंचायतों में स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत छः पंचायतों में गठित 12 स्वयं सहायता समूहों को फ्लोर मिल, सिलाई मिशन, स्प्रे पम्प, तिरपाल व कृषि उपकरण वितरित किए गए। उपायुक्त राघव शर्मा ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्र में प्राप्त हुई समस्याओं का संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा निर्धारित समयावधि में समस्याओं का निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र भुट्टों ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है कि लोगों को प्रत्येक मूलभूत सुविधा घर द्वार पर मिले। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थाई समाधान करने के लिए पानी की नई योजना स्वीकृत की गई है। शीघ्र ही इस योजना का शिलान्यास किया जाएगा।
विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास किए
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने लगभग 67 लाख रूपये की लागत से जलापूर्ति योजना झलेड़ा, लगभग साढे़ 71 लाख व 56 लाख 25 हज़ार रूपये की लागत से निर्मित जल शक्ति विभाग का सब डिविज़न कार्यालय का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना में 2 करोड़ 25 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पंचायत भवन की आधारशिला भी रखी।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 334 व आयुष विभाग द्वारा 212 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा निःशुल्क दवाईयां भी वितरित की गई। जांच शिविर में 184 लैब टेस्ट, 12 मरीजों के छाती के एक्सरे  व 76 आभा कार्ड भी बनाए गए। 
कार्यक्रम में सूचना एवं सम्पर्क विभाग द्वारा सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित प्रचार सामग्री वितरित की गई तथा नाटय दल के कलाकारों के द्वारा गीत संगीत व नाटक के माध्यम से उपलब्धियों का व्याख्यान किया।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने बसाल में जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह खोलने की भी घोषणा की।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पूर्व विधायक ऊना सतपाल सिंह रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव अशोक ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस विजय डोगरा, पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल, ब्लाॅक कांग्रेस कुटलैहड़ अध्यक्ष राम आसरा, ब्लाॅक कांग्रेस हरोली विनोद बिट्टू, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला शर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, जिला रेड क्राॅस पैटर्न सुरेंद्र ठाकुर, कामरेड जगत राम, वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेश पंडित, देसराज पंडित, ग्राम पंचायत प्रधान लोअर बसाल संदीप कुमार सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Disclaimer

All news on Encounter India are computer generated and provided by third party sources, so read and verify carefully. Encounter India will not be responsible for any issues.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
Punjab Govt AD

Latest News

- Advertisement -
- Advertisement -