सात जून को होगी स्टार नाइट, बॉलीवुड के कलाकार देंगे प्रस्तुती
ऊना/सुशील पंडित: पीपलू मेले में इस बार सरकार के अलग अलग विभागों की प्रदर्शनियां भी देखने को मिलेंगी। विधायक विवेक विक्कू ने सोमवार को मेले की रूप रेखा साझा करते हुए कहा कि इस मेले की थीम समावेशी संस्कृति और प्रतिभा का उत्सव रखी गई है। पांच से सात जून तक आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय जिला स्तरीय मेला क्षेत्रिय विकास, सांस्कृतिक विविधता, कला, संस्कृति और जनसंपर्क का भी अद्भुत संगम साबित होगा।
हर वर्ग के लोग इसमें उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने को तैयार हैं। कुटलैहड़ के विधायक ने बताया कि इस थीम के अंतर्गत जिले भर के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थाओं और सांस्कृतिक समूहों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अपने कार्यों और सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य के समक्ष प्रदर्शित कर सकें। विवेक शर्मा ने कहा कि तीन दिवसीय जिला स्तरीय पीपलू मेले के प्रथम दिन 5 जून को सुबह 10 बजे एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो बंगाणा के होटल आशीर्वाद से शुरू होकर बंगाणा बाजार होते हुए रेस्ट हाउस तक जाएगी।
उनके बाद पीपलू मेले के लिए प्रस्थान किया जाएगा। इस भव्य शोभायात्रा में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवक, लोक कलाकार, पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। विधायक शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि इस शोभायात्रा में हमारी माताएं-बहनें पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगी। यह केवल एक यात्रा नहीं होगी, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता का जीवंत चित्रण होगी। विधायक शर्मा ने कहा कि इस बार के मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। इसके साथ ही जिला पुलिस बल, होम गार्ड्स और स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
विधायक शर्मा ने कहा कि मेले के अंतिम दिन यानी 7 जून की रात को “स्टार नाइट” का आयोजन होगा, जिसमें बॉलीवुड कलाकारों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोक कलाकार भी हिस्सा लेंगे। इस नाइट की सबसे खास बात यह होगी कि उन स्कूलों के छात्रों को, जिन्होंने मेला अवधि में बेहतरीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी होंगी, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। यह अवसर छात्रों के लिए न केवल एक बड़ा मंच साबित होगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी नई उड़ान देगा।