चंडीगढ़ : पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ पूरी तरह से धुंध की चपेट में हैं। यहां के कई शहरों में विजिबिलिटी 25 मीटर से नीचे पहुंच चुकी है। वहीं दिन व रात के तापमान में लगभग 3 डिग्री का अंतर रह गया है। आज भी सूरज के चमकने के कोई आसार नहीं हैं। सोमवार तक लोगों को किसी भी प्रकार से राहत मिलती नहीं दिख रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चा अमृतसर के सरकारी एलिमेंट्री स्कूल वरयां में पढ़ता था। मृतक प्रदीप सिंह की उम्र तकरीबन 5 साल थी। स्कूल प्रिंसिपल आदर्श कौर संधू ने बताया कि ठंड लगने के कारण बच्चे को पहले बुखार हुआ। उसका बुखार बिगड़ गया और दिमाग तक पहुंच गया। जिसके बाद बीते दिन उसकी मौत हो गई।
मौसम विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के अमृतसर व पटियाला, हरियाणा के अंबाला और चंडीगढ़ में धुंध के चलते विजिबिलिटी 25 मीटर पहुंच चुकी है। जिसके चलते रेल व हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। लोगों को नसीहत दी गई है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और आने वाले कुछ घंटों में धुंध और घनी हो सकती है।