जोधपुर : जायल (नागौर) के पूर्व विधायक राम सिंह कुड़ी के पोते विक्रम सिंह कुड़ी (50) का शव संदिग्ध हालत में कार में मिला। उनकी कार दुकान के सामने लगभग डेढ़ घंटे से खड़ी थी। ऐसे में आसपास के राहगीरों ने जब उन्हें स्टेयरिंग पर बेसुध गिरे देखा और कोई हलचल नहीं दिखाई दी तो पुलिस को सूचना दी गई। मामला जोधपुर के शास्त्री नगर थाना इलाके की 12वीं रोड का बुधवार शाम 4 बजे का है।

थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि शाम 4 बजे के करीब 12वीं रोड सर्कल से जलगोग रोड पर एक ट्रैवल्स ऑफिस के सामने कार में एक व्यक्ति का शव होने की सूचना पर, पुलिस मौके पर पहुंची थी। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने कार का गेट खोला तो ड्राइवर स्टेयरिंग पर बेहोशी की हालत में पड़ा था। अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाधिकारी ने बताया कि कार में मिले दस्तावेज के आधार पर पहचान की गई।
विक्रम सिंह कुड़ी पुत्र रमेश कुड़ी निवासी नागौर हाल अरिहंत अदिता सोसाइटी के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के अनुसार वे जायल के पूर्व विधायक राम सिंह के पोते हैं। इसके बाद पुलिस ने मृतक के बेटे येजश को इस संबंध में सूचना दी। शव को मॉर्च्युरी में रखा गया है। येजश ने बताया कि उनके पिता को अस्थमा की परेशानी थी। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है। हालांकि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद ही कारणों का खुलासा होगा।