बठिंडाः जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मलोट रोड पर एक सूटकेस के अंदर 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, मलोट रोड से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने एक संदिग्ध सूटकेस को देखा। सूटकेस से बदबू आने पर लोगों को शक हुआ और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब सूटकेस को खोला तो उसके अंदर युवती का शव बरामद हुआ।
मृतका के शरीर पर ‘काकू’ नाम का टैटू बना हुआ है, जिसे पुलिस पहचान का अहम सुराग मान रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके।
पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को वहां कौन और कब फेंककर गया।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जल्द से जल्द जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
