लोकनिवि एवं जल शक्ति विभाग बने भ्रष्टाचार के अड्डे,विधायक के भाई ने मचाई है लुट: दविंदर भुट्टो
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने बंगाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान एक बार फिर सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए। उन्होंने अपने बयान की शुरुआत ही इस टिप्पणी से की कि “मैं अयोग्य विधायक नहीं, बल्कि कुटलैहड़ के विधायक एक्सीडेंटल हैं।” दविंदर भुट्टो ने कहा कि आज क्षेत्र में काम बोल नहीं रहा, बल्कि भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का ढांचा खड़ा हो चुका है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ महामंत्री नरेश ठाकुर जिला एस सी मोर्चा के अध्यक्ष सूरम सिंह कुटलैहड़ युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज परमार,पंकज शर्मा अमरीक सिंह के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।
पूर्व विधायक भुट्टो ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुके हैं। उनके अनुसार विभागों में टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही और कार्यों में मनमर्जी हावी है। दविंदर भुट्टो का दावा है कि चाहतों को रेवड़ियां बांटी जा रही हैं और कुटलैहड़ के विधायक के करीबी लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टेंडर कोई अन्य डालता है, लेकिन बाद में “पूल” कर चार-चार लाख रुपये तक की वसूली होती है। दविंदर भुट्टो ने कहा कि भाजपा सरकार आते ही इन सभी मामलों की जांच करवाई जाएगी और कोई नहीं बख्शा जाएगा, चाहे वह कितना बड़ा पदाधिकारी ही क्यों न हो।
भाजपा नेता ने कुटलैहड़ के वर्तमान विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बताएं, अपने कार्यकाल में उन्होंने एक भी ठोस विकासात्मक कार्य किया हो तो उसका नाम दें। उन्होंने दावा किया कि सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप और दिखावे की राजनीति के अलावा क्षेत्र को कुछ नहीं मिला।
उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मोमनियार जिला परिषद वार्ड में आपदा के कारण लगभग 50 परिवार बेघर हो गए, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन मिला है, सहायता नहीं। कई परिवार रिश्तेदारों के घर रहने को मजबूर हैं, जबकि कुछ किराए के कमरों में आश्रय ले रहे हैं। भुट्टो ने कहा कि यह प्रदेश सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों को कुटलैहड़ के विधायक की तरफ से केवल आश्वासन ही मिला,कोई मदद नहीं मिली। यह कैसी सरकार और कैसे राजनीति है। इसका भी जनता हिसाब लेगी। भुट्टो ने बताया कि पांच से थानाकला रायपुर सड़क लंबे समय से बंद पड़ी है, लेकिन उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं। स्थानीय लोगों को आए दिन भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भुट्टो ने प्रदेश में बढ़ते गोलीकांड और आपराधिक घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की हालत बदतर है और सरकार इस पर चुप बैठी है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार प्रदेश की सहायता कर रही है, लेकिन सुक्खू सरकार केवल केंद्रीय योजनाओं का राजनीतिक उपयोग कर रही है।