खैर चुराने वाले के भाई ने की आत्महत्या
ऊना/सुशील पंडित:खैर काटने और उसकी जड़ें उखाड़ने से शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की जान ले गया। घनारी तहसील के डंगोह खास गांव में दो भाइयों ने गांव के ही एक परिवार के खैर के पेड़ जड़ समेत उखाड़े और अपने साथ ले गए। जब दोनों भाई पकड़े गए तो बड़े ने आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार गगरेट थाने में शिकायत देने वाले अक्षय कुमार पुत्र कँवरजीत ने गांव के ही रहने वाले निक्कू ग़ुज्जर पर आरोप लगाया था कि उसने शिकायतकर्ता की भूमि से पहले खैर के पेड़ काटे और बाद में उन्हीं कटे हुए पेड़ों की जड़ें भी उखाड़कर ले गया। खैर चोर अच्छे से जानते हैं कि उसकी लकड़ी बाजार में बेचकर अच्छे खासे दाम मिलते हैं। इसलिए वह खैरों को काटने के बाद उसकी जड़ें भी उखाड़ लेता है ताकि पेड़ का नामो निशां ही मिट जाए।
– खैर चोरी का मामला गंभीर हो गया
परंतु इस मामले ने भयानक रूप तब ले लिया जब पेड़ काटने वाले निक्कू गुज्जर के भाई ने गांव में उत्पन हुई इस कलह के चलते आत्महत्या कर ली। सूत्र बताते हैं कि निक्कू गुज्जर और उसका भाई मेहरदीन जब खैर की जड़ें उखाड़ने के बाद पकड़े गए तो मेहरदीन ने परेशान होकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मेहरदीन की पत्नी शमीन बीबी ने अक्षय कुमार पुत्र कंवरजीत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उसने गगरेट थाने में दी शिकायत में दावा किया है कि उसके देवर निक्कू गुज्जर और पति ने अक्षय की भूमि से पेड़ काटे थे।
उसके बाद से वह परेशान चल रहा था। चोरी के आरोपों के दबाव में उसने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी। पुलिस ने खैर चोरी करने के आरोप में मृतक के भाई निक्कू गुज्जर के ऊपर भारतीय दंड संहिता की धारा 447, 379 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मृतक की पत्नी शमीन बीबी की शिकायत पर पुलिस ने अक्षय के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के अधीन मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।