जबलपुरः आजकल लोग मशहूर होने के लिए क्या कुछ नहीं करते हैं। कई बार तो लोग इस चक्कर में खुद की जान को भी खतरे में डाल देते हैं और कई बार दूसरों की जान से खेलते नजर आते हैं। ऐसा ही मामला जबलपुर से सामने आया है, जहां, कुछ नाबालिगों ने पहले तो एक लड़के को बुरी तरह पीटा, फिर सिगरेट का धुआं उसके मुंह पर उड़ाया और बाद में वीडियो वायरल कर दिया। जब ये वीडियो लड़के के परिजनों के पास पहुंचा तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी मुताबिक, जबलपुर के गोहलपुर थाना अंतर्गत शांति नगर में रहने वाला 17 साल का 12वीं का छात्र 24 जनवरी को बाजार से घर जा रहा था कि तभी पड़ोस में रहने वाले 5 से 6 नाबालिग लड़कों ने उसे रोक लिया और उससे मारपीट करनी शुरू कर दी। 4 लड़के उसे लात-घूसे और चप्पल से मार रहे थे और हंस रहे थे। उनका एक साथी मोबाइल से वीडियो बना रहा था। नाबालिग ने जब शोर मचाने की कोशिश की तो उसका मुंह बंद कर दिया। करीब 10 मिनट तक उसकी मारपीट की गई। इसके बाद उसे छोड़कर चले गए।
नाबालिग के साथ मारपीट में 5 से 6 लड़के शामिल थे। ये सभी 10वीं से 12वीं क्लास में पढ़ते हैं। नाबालिग का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी उसे गाली भी देते रहे। घटना का वीडियो बना लिया। मारपीट से पीड़ित इस कदर घबरा गया कि उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
बुधवार 12 फरवरी को जब किशोर स्कूल गया था, तब क्लास में उसके वीडियो को लेकर चर्चा शुरू हो गई। किशोर के एक दोस्त ने उसका वीडियो दिखाते हुए कहा कि तुझे ये कौन लड़के पिट रहे हैं। वीडियो देखते ही किशोर डर गया और घर आकर पिता को सारी बात बताई। किशोर के पिता ने नाबालिग लड़कों के परिजनों से बात की। उन्होंने इस लड़कों की हंसी-मजाक की मस्ती बताते हुए बात खत्म करने को कहा। इधर, सोशल मीडिया में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अब किशोर ने स्कूल ना जाने की जिद करना शुरू कर दिया है। किशोर का कहना है कि स्कूल के लड़के वीडियो दिखाकर मजाक उड़ा रहे हैं।
बाद में पीड़ित के पिता उसके साथ गोहलपुर थाना पहुंचे। थाना प्रभारी को वीडियो दिखाते हुए मांग की है कि ऐसे लड़कों के खिलाफ कार्रवाई की जाए जो कि इंस्टाग्राम,फेसबुक में लाइक और व्यू पाने के लिए पहले मारपीट करते हैं और फिर उनकी वीडियो वायरल करते हैं। किशोर के पिता ने बताया कि जब से लड़के ने अपना पिटाई का वायरल वीडियो देखा है, तब से वह सदमे में है, हालात ऐसे हो रहे है कि वह स्कूल जाने से कतराने लगा है। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई करने का परिजनों को आश्वासन दिया।
