लुधियानाः शहर के शिवपुरी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक होटल में कथित तौर पर गाय का मांस मिलने की सूचना फैली। सूचना मिलते ही गौ रक्षा दल और शिव सेना के कार्यकर्ता और कई सामाजिक संगठन मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना तुरंत थाना दरेसी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल की तलाशी ली। इस दौरान होटल से संदिग्ध मांस बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, पुलिस ने होटल से 2 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
शिवसेना हिंदूस्थान के वाइस प्रेसिडेंट मनी शेरा ने बताया कि उन्हें उनके जानकारों ने सूचना दी थी कि दिल्ली बरियानी स्टोर में गौमास परोसा जा रहा है जिसके बाद उनकी टीम ने वहां जाकर जांच की तो होटल के संचालक ने माना कि यह गौ मांस है और यहां किलो के हिसाब से बेचा जाता है जिसके बाद उन्होंने थाना दरेसी में सूचना दी और पुलिस से मांग की कि इस मामले की जांच की जाए और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
वहीं थाना दरेसी के एसएचओ ने कहा कि, “अभी जांच चल रही है, फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि की जा सकेगी कि मांस गाय का है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।