STAUNCH TRADERS के नाम पर खोल रखा था दफ्तर, 300 लोगों को ठगा
जीरकपुरः शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करोड़ो रुपए ठगने का मामला सामने आया है। जिसमें एक दंपति ने लगभग 200 करोड़ रुपये की ठगी की है। आरोप है कि दंपति ने STAUNCH TRADERS नामक फर्जी कंपनी के माध्यम से लोगों को हर महीने मुनाफा देने का झांसा दिया और फिर करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए। इस हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी में आरोपी दंपति की पहचान सुनील कुमार और निधि के रूप में हुई है।
उन्होंने ज़ीरकपुर के गोल्डन स्क्वायर में ऑफिस खोला था और खुद को पेशेवर ट्रेडर्स बताकर निवेशकों को अपने जाल में फंसाया। शुरुआती लाभ के बाद, उन्होंने धीरे-धीरे लोगों से भारी-भरकम निवेश करवाया। आरोप है कि उन्होंने करीब 300 लोगों से करोड़ों रुपये इकट्ठा किए।
दंपति ने निवेशकों को हर महीने मोटा रिटर्न देने का वादा किया था। कुछ लोगों ने अपने घर तक बेच दिए, तो कुछ ने बैंक से लोन लेकर पैसा लगाया। अब ऑफिस बंद है और दंपति के मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहे हैं। ठगी के शिकार लोगों बंद पड़े STAUNCH TRADERS के ऑफिस के बाहर इकट्ठा हुए और नारेबाज़ी की। पीड़ितों का कहना है कि किसी का 1.5 करोड़, किसी का 2 करोड़, तो किसी का 50 लाख डूब चुका है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके पैसे वापस दिलाए जाए।
पीड़ित निवेशकों ने अब मोहाली के SSP कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
