भाजपा नेता दविंदर भुट्टो ने मुख्यतिथि रूप की शिरकत
देश में भारत रत्न डॉ अंबेडकर के बनाए संविधान को 90 बार कांग्रेस ने तोड़ने का किया था प्रयास:दविंदर भुट्टो
ऊना/सुशील पंडित: विस कुटलैहड़ स्थित डेरा बाबा रूद्रानंद में संविधान गौरव दिवस मनाया गया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की। क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान के महत्व को समझाना और इसके प्रति जागरूकता फैलाना था। संविधान गौरव दिवस के इस आयोजन में लोगों को संविधान की प्रस्तावना, मूल अधिकार और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई, जो देशभक्ति और सम्मान का प्रतीक रहा।
डेरा बाबा रूद्रानंद में पहुंचे भाजपा नेता दविंदर भुट्टो का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। आयोजकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में भाजपा नेता दविंदर भुट्टो ने भारतीय संविधान को दुनिया का सबसे बड़ा और सर्वश्रेष्ठ संविधान बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश के विकास, समरसता और प्रगति की नींव है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मूलभूत अधिकार दिए हैं। हमें इसके प्रति न केवल आदर रखना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या में उतारकर एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाना चाहिए।

भुट्टो ने संबोधित करते हुए उन्हें संविधान की मूलभूत धाराओं को समझने और उनका पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है और उन्हें संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर देश को प्रगति की दिशा में ले जाना होगा। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि भारत के संविधान को लोकतंत्र का सबसे सशक्त दस्तावेज़ माना जाता है, जिसे डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में तैयार किया गया। 26 नवंबर 1949 को अपनाया गया यह संविधान 26 जनवरी 1950 से प्रभावी हुआ।
आजादी के बाद कांग्रेस सरकार ने ही की संविधान के साथ की छेड़छाड़
भुट्टो ने कहा कि केंद्र में सत्तासीन कांग्रेस सरकार ने डॉ अंबेडकर के संविधान को 90 बार छेड़छाड़ करके संविधान को बदलना चाहा। लेकिन उनके मनसूबे पूरे नहीं हुए। भुट्टो ने कहा कि संविधान हमें एकता और अखंडता की भावना प्रदान करता है। उन्होंने कहा संविधान के मूल्यों को समझने और उन्हें अपनी जीवनशैली में अपनाने की जरूरत है। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, यह हमारे जीवन का मार्गदर्शन है। भुट्टो ने कहा कि संविधान गौरव दिवस के इस आयोजन ने क्षेत्र में एक नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार करेगा। इस कार्यक्रम ने न केवल संविधान के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि समाज में एकजुटता और जागरूकता का संदेश भी दिया।
इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,राज कुमार वर्मा,जिला पार्षद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा,पूर्व जिलाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा,भाजपा नेता बलराम बबलू, भाजपा नेत्री संतोष सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश बांका, सुरेश शर्मा, उपप्रधान जीवन शर्मा,राजेश कुमार,भाजपा नेता सूरम सिंह, सुदर्शन शर्मा,भाजयुमो नेता अभय सिंह राणा के अलावा सैकंडों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।