ऊना/सुशील पंडित : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शुक्रवार विधानसभा के शीतकालीन सत्र को बीच में ही छोड़ राजस्थान के लिए रवाना हुए। ससुर के निधन के चलते जयराम ठाकुर विधानसभा सत्र के अंतिम दिन शिरकत नहीं कर पाए। राजस्थान जाते समय ऊना पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। निजी होटल में जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की किसी भी आपरेशन लॉट्स की मंशा नहीं है जबकि कांग्रेस में खुद ही विखराब की स्थिति बनी है।कांग्रेस सरकार के मंत्रीमंडल का विस्तार न हो पाने को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार असमंजस की स्थिति में है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हम किसी तरह के आपरेशन करने का विचार नहीं रख रहे है सरकार को इस मामले पर निश्चिन्त रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद विखराब की स्थिति में है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हमने विधानसभा के सत्र में जनता की आवाज को उठाया है ,जिस प्रकार से कांग्रेस सरकार ने खुले हुए संस्थानों को डिनोटिफाई किया है, उसके विरुद्ध आवाज उठाई गई है ,सरकार का जवाब ठीक नहीं मिला हमने बहिष्कार भी किया है। उन्होंने कहा कि हम सड़कों पर इस मामले को लेकर के जाएंगे ,जनता के बीच लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार 5 वर्ष के लिए होती है ऐसे में किसी निर्णय का रिव्यू करना अलग बात है लेकिन निर्णय को ही रद्द कर देना यह सही परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे तो आने वाले समय में 5 वर्ष के निर्णय पर ही सवाल खड़े हो जाएंगे ।जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएगी और जनता की आवाज को उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस सरकार का अच्छा निर्णय होगा वहां समर्थन करेंगे और यहां तानाशाही होगी व गलत निर्णय होगा उसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत कम मार्जिन के साथ पहली बार हिमाचल प्रदेश में सरकार आई है।
जयराम ने कहा कि हमने सशक्त होकर के काम किया है और प्रदेश की जनता ने हमें समर्थन भी दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कई कारण रहे हैं जिनकी समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।उन्होंने कहा कि हम 2024 में वापसी करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने वाले चुनाव में चारों सीट लोकसभा की जीत कर प्रधानमंत्री की झोली में डालेंगे। इस अवसर पर जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बलवीर बग्गा, जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया, मंडल महामंत्री अशोक, साहिल जेतिक सहित अन्य उपस्थित रहे।
पार्टी ने जो आदेश दिया उसका किया पालन
जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने आजतक उन्हें जो भी जिम्मेवारी सौंपी है उन्होंने उस पर खरा उतरने का प्रयास किया है, उन्होने कहा कि विधानसभा के इस शीतकालीन सत्र में भी भाजपा ने जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में जोरशोर से उठाया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर सरकार जनता के हित में निर्णय लेगी तो विपक्ष सरकार का सहयोग करेगा लेकिन अगर जनविरोधी निर्णय लिए जायेंगे तो उसका विधानसभा के भीतर और बाहर सख्त विरोध किया जायेगा। वहीं डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के ब्यान पर पलटवार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि ज्यादा बोलना ही उनके स्वभाव में है लेकिन ऐसा भी नहीं की लोग भी उनकी बातों को पसंद करते हो।
