ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाते हुए, ऊना जिला सहकारी विकास संघ (ऊनकोफैड) में आज(बुधवार) को सहकारी सभाओं के सर्टिफ़ाइड ऑडिटरों को भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया एवं सॉफ्टवेयर के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण सहकारिता विभाग व सॉफ्टवेयर इंटीग्रेटर टीम द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। विभाग की ओर से सहायक पंजीयक (सहकारी सभाएं) ऊना प्रवीण आनंद, जिला अंकेक्षण अधिकारी राजेश कुमार, जिला निरीक्षक कुशल राणा, निरीक्षक राजीव कुमार, तथा विभाग के मास्टर ट्रेनर अश्विनी कुमार ने मॉनिटर पर सॉफ्टवेयर की पूरी कार्यप्रणाली का विस्तारपूर्वक प्रदर्शन किया। कार्यशाला में कुल 25 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया।
ऑनलाइन बुक कीपिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता -राजेन्द्र शर्मा
ऊनकोफैड के चेयरमैन राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों व ऑडिटरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब सभाओं की समस्त बुक कीपिंग ऑनलाइन की जा रही है और भविष्य में ऑडिट भी इसी आधार पर किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिटल प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी, सभा सदस्यों का विश्वास मजबूत होगा, और इससे सभाओं के कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
डिजिटल सहकारिता से ग्रामीण स्तर पर बढ़ेगी सुविधा : प्रवीण आनंद
इस अवसर पर सहायक पंजीयक प्रवीण आनंद ने कहा कि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की पहल से सहकारिता क्षेत्र में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। डिजिटल प्रक्रियाओं के लागू होने से ग्रामीण स्तर पर लोगों को बैंकिंग सुविधाएँ, उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता और सरकारी योजनाओं का ऑनलाइन लाभअब पहले से अधिक सुगमता और तेजी से प्राप्त होगा।
