ऊना/सुशील पंडित: जिला मुख्यालय के अंतर्गत आते सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र द्वारा प्रधानाचार्य को थप्पड़ मारने व गला घोंटने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल ने भी स्कूल परिसर का दौरा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना के वहडाला सरकारी स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र को प्रधानाचार्य ने बाल कटवाने के लिए कहा तो छात्र ने मना कर दिया। प्रधानाचार्य ने छात्र को सख्त लिहाजा में अनुशासन में रहने की बात कही। इस पर भड़के छात्र ने प्रधानाचार्य को थप्पड़ मारते हुए गला घोट दिया। इस दौरान प्रधानाचार्य नीचे गिर गए।उस के बाद छात्र बैग उठाकर घर की ओर रवाना हो गया।
प्रधानाचार्य का आरोप है कि कुछ देर बाद स्कूली छात्र अपने पिता के साथ स्कूल पहुंचा और गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। इस दौरान अन्य अध्यापकों ने बीच-बचाव किया तो छात्र के पिता ने अध्यापकों से भी मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद प्रधानाचार्य ने एसएमसी कमेटी पंचायत के सदस्यों को बुलाया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को भी सूचित किया गया।
थाना प्रभारी ऊना मनोज वालिया ने कहा कि मामले को लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। आरोपित द्वारा न्यायालय से जमानत मिलने के बाद दोनों पक्षों की जांच की जा रही है।
