नई दिल्लीः रोहिणी इलाके में शादी में डीजे का काम करने वाले दो गुटों में झड़प होने का मामला सामने आया है। इस दौरान डीजे की टीम में शामिल दो लोगों ने 48 वर्षीय कैटरिंग कर्मचारी की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 8-9 फरवरी की दरमियानी रात की है। दरअसल, देर रात पुलिस को सूचना मिली कि रोहिणी के सेक्टर 12 स्थित जापानी पार्क के पास कुछ लड़कों का झगड़ा हो रहा है। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को पता चला कि घायल को उसके दोस्त बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान किरारी के प्रेम नगर निवासी संदीप ठाकुर के रूप में हुई, संदीप कैटरिंग टीम में था। समारोह के दौरान डीजे के साथ आए लोगों के लिए थाली नहीं लाने पर संदीप के साथ दो लोगों ने मारपीट कर दी थी। इस दौरान उसके सिर पर प्लास्टिक के टोकरे से वार किया गया। इस मामले में पुलिस ने प्रशांत विहार थाने में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि अब तक की जांच में पता चला है कि जिस वक्त मारपीट हुई, उस वक्त मौके पर चार लोग मौजूद थे।
दो लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी संदिग्धों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। फरार दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है। मृतक के भाई अर्जुन ठाकुर ने कहा कि उन्हें अस्पताल से घटना की जानकारी मिली। अस्पताल के अधिकारियों ने संदीप के मोबाइल से फोन किया था। संदीप पार्टियों में कैटरिंग स्टाफ के रूप में काम करता था। भाई के परिवार में उनकी पत्नी और पांच बच्चे-तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। हमें पुलिस की जांच पर भरोसा है। उम्मीद है कि हमें न्याय मिलेगा।
