नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट की आज बैठक हुई। इस बैठक में कई बड़े ऐलान किए गए हैं। रेलवे कर्मचारियों के लिए मांग किए गए प्रोडक्टिविटी बोनस को मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा शिपब्लिडिंग के लिए नया रिफॉर्म लाया गया है। यह रिफॉर्म करीबन 70 हजार करोड़ रुपये का है। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक में दी।
कर्मचारियों को मिलेगा दीवाली गिफ्ट
दीवाली से पहले ही रेलवे कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया गया है। कैबिनेट की ओर से प्रोडक्टिविटी बेस्ड बोन्स को मंजूरी दे दी गई है। अश्विनी वैष्णव ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि – 10.90 लाख कर्मचारियों के लिए यह बोनस दिया जा रहा है। कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के प्रोडक्टिविटी से जुड़े बोनस के तौर पर 1865.68 करोड़ रुपये के भुगतान को मंजूरी दी है। भारतीय रेलवे कर्मचारी महासंघ की ओर से यह कहा गया था कि बोनस में बढ़ोतरी और मंजूरी जल्द होनी चाहिए। अभी कर्मचारियों को 7,000 रुपये प्रति महीने के आधार पर उत्पादकता से जुड़े बोनस दिया जा रहा है परंतु इसे 18000 रुपये प्रति महीने के आधार पर बोनस दिया जाएगा।
Cabinet Briefing by Union Minister @AshwiniVaishnaw | @PIB_India https://t.co/onaSkWWl8n
— Ministry of Information and Broadcasting (@MIB_India) September 24, 2025
रिफॉर्म पैकेज को मिली मंजूरी
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट की ओर से भारत के जहाज निर्माण और समुद्री क्षेत्र को पुनजीर्वित करने के लिए 69,725 करोड़ रुपये के रिफॉर्म पैकेज को भी मंजूरी दी गई है। इसमें जहाज निर्माण, समुद्री फंडिंग और घरेलू क्षमता को बढ़ावा देने पर केंद्रित एक व्यापक 4-स्तंभ नजरिया भी शामिल है।
डबल लाइन को भी मिली मंजूरी
इस कैबिनेट बैठक में बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया के बीच में एक सिंगल रेलवे लाइन है। इस रेलवे लाइन को भी डबल करने की मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा बिहार के करीबन 104 किलोमीटर पर रेलवे लाइन डबल करने के काम को भी मंजूरी मिली है। इसकी लागत 2192 करोड़ रुपये है। बिहार राज्य के चार जिलों को कवर करने वाली यह परियोजना भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क को लगभग 104 किलोमीटर तक बढ़ा देगी।
इस परियोजना से खंड राजगीर (शांति स्तूप), नालंदा, पावापुरी आदि जैसे प्रमुख स्थानों को भी रेल संपर्क मिलेगा। इससे देश भर से तीर्थयात्री और पर्यटक भी आकर्षित होंगे। इन मल्टी ट्रैकिंग परियोजनाओं ने करीबन 1434 गांव और करीबन 13.46 लाख आबादी और दो जिले गया और नवादा तक भी कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी।