जालंधरः सूर्या इंक्लेव में बीती रात गोली चलने का मामला सामने आया। पता चला है कि खुद को पार्षद का रिश्तेदार होने का दावा करने वाले युवक ने अपार्टमेंटस के सुरक्षाकर्मी के साथ बदसलूकी की और धमकी देते हुए फायर कर दिया। सोसाइटी की शिकायत पर पुलिस ने रूबी नाम के युवक को अरेस्ट कर लिया है।
शौर्य ग्रीन सोसाइटी के नरेश शर्मा और अजय ने फोन पर जानकारी दी कि रूबी नाम का युवक अपार्टमेंटस में किराए पर रहता है। बीती रात लगभग 12.30 बजे वह आया और सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोककर पूछताछ की। इस दौरान रूबी गार्ड से बदसलूकी करने लगा। आरोप है कि युवक शराब के नशे में था। युवक ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ गाली गलौच की और अपना हथियार निकालकर फायर कर दिया। गोली चलने से सोसाइटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तुरंत सभी इकट्ठे हुए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने रूबी नाम के युवक को हिरासत में ले लिया है। इस दौरान सीसीटीवी में पुलिस आरोपी को लेजाती हुई दिख रही है। सोसाइटी के पदाधिकारियों का कहना है कि रूबी खुद को किसी पार्षद का रिश्तेदार होने का दावा कर सोसाइटी में गुंडागर्दी करता रहता है। कुछ दिन पहले भी उसने सोसाइटी में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की थी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।