छिंदवाड़ाः मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में श्रद्धालुओं से भरी एक कार बेकाबू होकर बिना मुंडेर के कुएं में गिर गई। हादसे में कार सवार 7 लोगों में से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं 3 लोगों को ग्रामीणों ने बचा लिया। हादसा छिंदवाड़ा- बैतूल स्टेट हाईवे पर टेमनी खुर्द के पास हुआ। कार सवार लोग धार्मिक अनुष्ठान के लिए यात्रा पर निकले थे। बैतूल के बालाजीपुरम धाम में दर्शन के बाद चित्रकूट लौट रहे थे।
चित्रकूट के निवासी संत बैतूल के बालाजीपुरम धाम दर्शन करके लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। यह एक पेड़ से टकराया और फिर बिना दीवार वाले एक कुएं में गिर गया। वाहन में सात साधु सवार थे। डॉ. विकास सिंह बघेल ने बताया कि हादसे के बाद 3 घायल संतों को लाया गया था।
उनका प्राथमिक इलाज किया गया, बाकी 3 पहले से ही ब्रेन डेड थे। हादसे में 3 घायल संतों से मिलने के लिए छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू पहुंचे। उन्होंने कहा कि चित्रकूट से आए संतों के साथ दुःखद हादसा हुआ। मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी उनके माध्यम से मुझे जानकारी ली है। मैंने डॉक्टर को उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
