पालीः तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकराने का मामला सामने आया है। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 3 घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी देते हुए सुमेरपुर सदर थाने के SHO भगाराम ने बताया कि हादसा आज सुबह करीब सवा 3 बजे सुमेरपुर के सदर थाना क्षेत्र में ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर जाखा नगर बाइपास पर हुआ। भगाराम के मुताबिक नींद की झपकी आने से ड्राइवर कार से संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में मरने वालों की पहचान पाली जिले के डायलाना कलां गांव (खिंवाड़ा) निवासी सुरेश रावल (49) पुत्र सोहनलाल रावल, सीता (45) पत्नी सुरेश रावल, प्रहलाद (14) पुत्र सुरेश रावल और विष्णु (14) पुत्र उत्तम रावल के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अनिता (38) पत्नी प्रवीण रावल, दिया (18) पुत्री प्रवीण रावल, हर्षिता (18) पुत्री सुरेश रावल निवासी डायलाना कलां शामिल हैं।
एसएचओ के मुताबिक, कार में 7 लोग सवार थे। सभी कार सवार मुंबई से पाली जिले के खिंवाड़ा थाना इलाके के डायलाना कला गांव आ रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे ढाबे पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से घुस गई। मृतक सुरेश रावल मूल रूप से पाली जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र डायलाना कलां गांव निवासी है। मुंबई के थाना क्षेत्र में इनकी मेडिकल शॉप है। मृतक सुरेश के पिता सोहनलाल रावल समाज के अध्यक्ष हैं और पाली जिले के रानी तहसील स्थित रमणिया गांव के महादेव मंदिर के वार्षिकोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 2 मई को है। ऐसे में सोहनलाल अपनी पत्नी के साथ 2 दिन पहले ही गांव आ गए थे। सुरेश रावल और उनके परिवार गुरुवार को मुंबई से डायलाना कलां गांव के लिए निकले ताकि वे भी इस कार्यक्रम में हिस्सा ले सके।
मृतक के परिजनों ने बताया कि सुरेश रावल और उनका परिवार पालनपुर के निकट एक होटल पर रुके। वहां सभी ने खाना खाया। कुछ देर रुकने के बाद आगे के सफर के लिए रवाना हुए। हो सकता है कि खाना खाने के बाद नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आगामी जांच शुरू कर दी है।
